असली आजादी न्यूज नेटवर्क, सिलवासा 08 फरवरी। संघ प्रदेश दादरा नगर हवेली एवं दमण-दीव भाजपा द्वारा आज सिलवासा स्थित भाजपा कार्यालय अटल भवन में बजट पर संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित केन्द्रीय राज्य मंत्री (उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय) निमूबेन बांभणिया ने बजट 2026-27 के मुख्य बिंदुओं को साझा किया और कांग्रेस शासन की विफलताओं की तुलना में मोदी सरकार की उपलब्धियों का रिपोर्ट कार्ड पेश किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केन्द्रीय मंत्री निमूबेन बांभणिया ने कहा कि कांग्रेस सरकारों के समय बजट में गरीबों के लिए योजनाएँ तो दिखाई देती थीं, लेकिन लाभ जमीन तक नहीं पहुँचता था। किसानों के नाम पर घोषणाएं होती रहीं, लेकिन सिंचाई, फसल बीमा और न्यूनतम समर्थन मूल्य की ठोस व्यवस्था नहीं की गई। युवाओं के लिए रोजगार सृजन, स्टार्ट-अप और स्किल डेवलपमेंट कभी प्राथमिकता नहीं बने। उन्होंने कहा कि कांग्रेस काल के बजटों में इंफ्रास्ट्रक्चर विकास, पारदर्शिता और जवाबदेही का अभाव रहा, जिसके कारण सड़क, रेलवे, बिजली और डिजिटल ढांचे में देश पीछे रह गया। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026 आदरणीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की दूरदर्शी सोच का परिणाम है। यह बजट विकसित भारत @2047 के संकल्प को साकार करने की दिशा में मजबूत कदम है। उन्होंने बताया कि इस बजट में गरीब, किसान, युवा और महिला—इन चारों वर्गों को विशेष प्राथमिकता दी गई है। आवास, स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा को और सशक्त किया गया है। किसानों की आय बढ़ाने, सिंचाई और आधुनिक कृषि को प्रोत्साहन दिया गया है। युवाओं के लिए स्किल डेवलपमेंट, स्टार्ट-अप और रोजगार के नए अवसर सृजित किए गए हैं। महिला सशक्तिकरण के लिए स्वयं सहायता समूहों, लखपति दीदी और उद्यमिता को बढ़ावा दिया गया है। निमूबेन बांभणिया ने कहा कि दादरा नगर हवेली और दमण-दीव जैसे केंद्र शासित प्रदेशों के लिए यह बजट इंफ्रास्ट्रक्चर, कनेक्टिविटी, स्वास्थ्य, शिक्षा और विशेष रुप से पर्यटन क्षेत्र में नए अवसर लेकर आया है और यह क्षेत्र अब विकास के एक मॉडल के रूप में उभर रहा है।
बजट के मुख्य आकर्षण: आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण: केन्द्रीय मंत्री ने बताया कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण जी द्वारा पेश किया गया 53.50 लाख करोड़ का यह बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों की आकांक्षाओं का प्रतिबिंब है। युवा एवं रोजगार: 15,000 स्कूलों और 500 कॉलेजों में कंटेंट क्रिएटर लैब की स्थापना। ऑरेंज इकोनॉमी और कौशल विकास के जरिए 2030 तक 20 लाख युवाओं को आजीविका से जोड़ने का लक्ष्य। नारी शक्ति: लखपति दीदी योजना का लक्ष्य 1.25 करोड़ से बढ़ाकर 3 करोड़ करना और महिला स्वयं सहायता समूहों के लिए ‘रऌए-टं१३२’ की स्थापना। हर जिले में महिला छात्रालय का निर्माण। तकनीकी क्रांति: भारत को ग्लोबल डेटा सेंटर हब बनाने के लिए विदेशी क्लाउड कंपनियों को 2047 तक टैक्स ब्रेक और इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन 2.0 के लिए 40,000 करोड़ रूपये का प्रावधान। अन्नदाता कल्याण: 500 नए जलाशयों और अमृत सरोवरों का विकास। इस कार्यक्रम में संघ प्रदेश थ्रीडी भाजपा प्रभारी दुष्यंत पटेल, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेश आगरिया, दादरा नगर हवेली की सांसद कलाबेन डेलकर, दानह जिला पंचायत अध्यक्षा निशा भावर, सिलवासा नगरपालिका अध्यक्ष सोमनाथ पाटिल, प्रदेश भाजपा महामंत्री सुनील पाटिल एवं जिग्नेश पटेल, उद्योगपतियों, व्यापारी वर्ग और अग्रणी नागरिक सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

