असली आजादी न्यूज नेटवर्क, दमण 04 अक्टूबर। मुंबई के अंधेरी स्पोर्टस कॉम्प्लेक्स में आयोजित एशिया कप 9वीं इंटरनेशनल ओपन कराटे चैंपियनशिप 2026 में दमण के डाभेल क्षेत्र की दो सगी बहनों ने गोल्ड एवं ब्रोंज मेडल जीतकर संघ प्रदेश थ्रीडी का नाम रोशन किया है। 27 सितंबर 2026 को आयोजित हुई इस अंतर्राष्ट्रीय ओपन कराटे प्रतियोगिता में भारत सहित जापान, मलेशिया, श्रीलंका, नेपाल, बांग्लादेश और भूटान जैसे देशों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। इस कड़े अंतर्राष्ट्रीय मुकाबले में डाभेल (दमण) की जया ब्रिजेश सिंह और जूही ब्रिजेश सिंह ने अपनी अद्भुत खेल प्रतिभा के दम पर दमण-दीव और पूरे देश का गौरव बढ़ाया है। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए जया ब्रिजेश सिंह ने काता और कुमिते दोनों प्रतियोगिताओं में गोल्ड मेडल जीत कर देश का गौरव बढाया है। इसके साथ ही जूही ब्रिजेश सिंह ने काता प्रतियोगिता में ब्रोंज मेडल हासिल किया है। दमण की दोनों सगी बहनों की इस ऐतिहासिक सफलता ने साबित कर दिया कि सही मार्गदर्शन और कड़ी मेहनत से दमण की बेटियां वैश्विक मंच पर किसी से कम नहीं हैं। दोनों बहनों की इस संयुक्त सफलता से उनके गृहनगर डाभेल सहित पूरे दमण-दीव में जश्न का माहौल है। दमण-दीव कांग्रेस अध्यक्ष केतन पटेल और अमी पटेल ने जया सिंह और जूही सिंह को पुष्पगुच्छ भेंटकर एवं सम्मान पत्र वितरित कर विशेष रूप से सम्मानित किया। इसके साथ ही दोनों ही युवतियों के उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी है।

