असली आजादी न्यूज नेटवर्क, दमण, 6 सितंबर। शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षा के क्षेत्र में बेहतरीन काम करने वाले शिक्षकों को सम्मानित करने के लिए सर्वोदय मंडल वापी द्वारा संचालित खंडूभाई हरिभाई देसाई पुरुष अध्यापन मंदिर में एक बड़ा सम्मान समारोह आयोजित किया गया था। यह कार्यक्रम संस्था के प्रिंसिपल डॉ. किरणभाई पटेल द्वारा आयोजित और संस्था के अध्यापकों द्वारा संचालित किया गया। इस कार्यक्रम में संस्था में पीटीसी ट्रेनिंग ले चुके भूतपूर्व प्रशिक्षणार्थियों वर्तमान में शिक्षा के क्षेत्र में अहम योगदान दे रहे 11 शिक्षकों को सम्मानित किया गया और पूर्व रिटायर्ड अध्यापकों को भी सम्मानित किया गया। समारोह में संघ प्रदेश थ्रीडी और गुजरात के अलग-अलग जिलों से 11 सबसे बेस्ट टीचर्स को चुनकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही उनके शैक्षणिक और सोशल फील्ड में हासिल उपलब्धियों का ओवरव्यू पेश किया गया। पीएम श्री रिंगणवाड़ा स्कूल दमण के हेड मास्टर वीरेन्द्र पटेल की खास उपलब्धियों, स्कूल और शिक्षा के प्रति उनके समर्पण, स्वच्छता अभियान में उनकी उपलब्धियों के साथ-साथ शिक्षा के क्षेत्र में उनके लगातार प्रयास से पीएम स्कूल की गतिविधियों में स्कूल को यूटी, राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सिद्धि प्राप्त करने के उनके काम की सराहना की गई। इसके साथ ही गुजरात के अलग-अलग जिलों में काम करने वाले 10 सबसे अच्छे टीचर, जिनमें 5 बच्चों के स्कूल को 168 बच्चों तक ले जाने वाले शिक्षक नीलेशभाई-धरमपुर, स्पर्धात्मक परीक्षाओं में सफल होने वाले शिक्षक सुनीलकुमार गावित-वडोदरा, प्रौढ शिक्षण एवं मास्टर ट्रेनर के तौर पर काम करने वाले शिक्षक मणिलाल वसावा-भरूच, स्थानिक बोली में लिटरेचर और फलिया शिक्षण देने वाले शिक्षक पंकजभाई पटेल-वांसदा, संगीत और रिसर्च से शिक्षा को नई दिशा देने वाले शिक्षक कल्पेशकुमार-धरमपुर, दुर्गम इलाकों में शिक्षा की ज्योत जलाने वाले शिक्षक विजयभाई-कपरड़ा, आईसीटी और नई शिक्षा पद्धति से क्लासरूम को जीवंत रखने वाले शिक्षक प्रशांत सिंह-वापी, उच्च शिक्षा में योगदान देनेवाले शिक्षक डॉ. जितेंद्रसिंह-नवसारी, विद्यार्थी जीवन की सिद्धि को शिक्षा सेवा में बदलने वाले शिक्षक संजय भोया-कपराड़ा, शिक्षा के नवाचार में योगदान देने वाले शिक्षक धर्मेशभाई-डांग इत्यादि शामिल हैं। बच्चों की सर्वांगी विकास के लिए अपनी जिंदगी समर्पित करने वाले सभी शिक्षकों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। इस सम्मान समारोह में वापी से लेकर दमण, धरमपुर, कपराडा, नवसारी, वडोदरा, कच्छ और डांग तक शिक्षा की सेवा करने वाले इन टीचरों ने दिखा दिया कि एक अच्छा टीचर सिर्फ क्लासरूम तक ही सीमित नहीं रहता, बल्कि समाज को शिक्षित बनाने का काम भी करता है। एक अच्छा शिक्षक सिर्फ विद्यार्थियों को ज्ञान ही नहीं देता, बल्कि एक अच्छा नागरिक भी बनाता है। शिक्षक दिवस पर हुए इस सम्मान समारोह में सम्मानित शिक्षकों की कामयाबियों को याद करके शिक्षक की अगली पीढ़ी के लिए एक प्रेरणा देने वाला मैसेज दिया गया। शिक्षा में गुणवत्ता, नवाचार, रिसर्च, परिवर्तनशीलता और जरूरतमंद बच्चों के प्रति जिम्मेदारी इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर यह सम्मान समारोह शिक्षा जगत के लिए प्रेरणास्रोत रहा।

