असली आजादी न्यूज नेटवर्क, दमण 20 अक्टूबर। दशहरा पर भारतीय संस्कृति और परंपराओं के अनुरूप शस्त्र पूजन का विशेष महत्व है। इस दिन शस्त्र पूजन को असत्य पर सत्य की जीत और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक माना जाता है। इसी परंपरा को निभाते हुए दमण पुलिस विभाग द्वारा आज पुलिस मुख्यालय में शस्त्र पूजन किया गया। नानी दमण स्थित पुलिस मुख्यालय में आज संघ प्रदेश दादरा नगर हवेली और दमण-दीव पुलिस उप महानिरीक्षक संतोष कुमार मीणा ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पुलिस दल के शस्त्रों की पूजा-अर्चना की। अधर्म पर धर्म की विजय के प्रतीक दशहरे के शुभ मुहूर्त पर दमण पुलिस मुख्यालय में श्री बासुकीनाथ महादेव मंदिर के आचार्य ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पुलिस विभाग के विभिन्न शस्त्रों का पूजन करवाया। इस अवसर पर दमण एसडीपीओ आदर्श पटेल, विभिन्न पुलिस थानों के प्रभारी, पीआई, पीएसआई, एएसआई, पुलिस कांस्टेबल सहित अन्य पुलिस कर्मियों की उपस्थिति रही। इस दौरान दमण पुलिस विभाग के हथियारों एवं दमकल विभाग के उपकरणों की प्रदर्शनी भी लगाई गई थी, जिसका स्कूली बच्चों एवं अन्य लोगों ने निरीक्षण किया। पुलिस कर्मियों द्वारा अवलोकनकर्ताओं एवं विद्यार्थियों को इन हथियारों के उपयोग के बारे में भी बताया गया। पुलिस विभाग द्वारा हर वर्ष दशहरा पर शस्त्र पूजन किया जाता है। इसके साथ ही हथियारों की प्रदर्शनी भी लगाई जाती है।

