asliazadi
दमन, दानह, दीव की खबरें

संघ प्रदेश दादरा नगर हवेली और दमण एवं दीव में नववर्ष की पूर्व संध्या पर भव्य न्यू ईयर ईव म्यूजिकल नाइट का होगा आयोजन

असली आजादी न्यूज नेटवर्क दमण 30 दिसंबर। देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आशीर्वाद तथा प्रशासक प्रफुल पटेल के कुशल नेतृत्व में संघ प्रदेश दादरा एवं नगर हवेली तथा दमण एवं दीव अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर सशक्त पहचान स्थापित करने की दिशा में निरंतर अग्रसर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं प्रशासक प्रफुल पटेल की दूरदर्शी सोच के परिणामस्वरूप दमण में अंतर्राष्ट्रीय मानकों पर रामसेतु तथा नमोपथ जैसे प्रमुख पर्यटन प्रकल्पों का निर्माण किया गया है, जिससे पर्यटन गतिविधियों को उल्लेखनीय प्रोत्साहन मिला है। पर्यटन को बढ़ावा देने की इस नीति के सकारात्मक परिणामस्वरूप संघ प्रदेशों में राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय पर्यटकों की संख्या में निरंतर वृद्धि हो रही है। इसी क्रम में प्रशासक प्रफुल पटेल के कुशल मार्गदर्शन में संघ प्रदेश दादरा एवं नगर हवेली तथा दमण एवं दीव प्रशासन द्वारा नववर्ष की पूर्व संध्या पर 31 दिसंबर 2025 को भव्य न्यू ईयर ईव म्यूजिकल नाइट का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन एक साथ तीन प्रमुख स्थलों—सिलवासा के कोर एरिया स्टेडियम ग्राउंड, दमण के लाइट हाउस बीच तथा दीव के नागवा बीच पर संपन्न होगा। कार्यक्रम का शुभारंभ सायं 8:00 बजे से होगा तथा यह आमजन एवं पर्यटकों के लिए पूर्णत: नि:शुल्क रहेगा। आयोजन के दौरान दर्शकों को लाइव बैंड, डीजे परफॉर्मेंस तथा मध्यरात्रि में भव्य और आकर्षक आतिशबाजी का आनंद लेने का अवसर मिलेगा। इस विशेष अवसर पर दमण में प्रसिद्ध गायक कलाकार नीरज श्रीधर, दादरा नगर हवेली में कलाकार युतिका वर्मा एवं कुणाल पंडित, जबकि दीव में सजदा सिस्टर्स द्वारा शानदार लाइव प्रस्तुतियाँ दी जाएंगी, जो दर्शकों को एक अविस्मरणीय संगीतमय अनुभव प्रदान करेंगी। संघ प्रदेश प्रशासन द्वारा इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य नागरिकों एवं पर्यटकों को वर्ष की अंतिम रात सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं आनंददायक वातावरण में मनाने का अवसर प्रदान करना है। कार्यक्रम के सुचारु एवं शांतिपूर्ण आयोजन हेतु सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता सहित अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। प्रशासन ने सभी नागरिकों एवं पर्यटकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर उत्साह, उल्लास एवं अनुशासन के साथ नववर्ष 2026 का भव्य स्वागत करें।

Related posts

लक्षद्वीप के भविष्य के लिए प्रवेशोत्सव: प्रशासक प्रफुल पटेल ने शिक्षा की दुनिया में पहला कदम रखने वाले बच्चों का कराया शाला प्रवेश

Asli Azadi

राजनीतिक गुरु पीएम मोदी और राजनीतिक शिष्य प्रशासक प्रफुल पटेल को बच्चों के प्रति प्यार जगजाहिर है

Asli Azadi

सांसद उमेश पटेल ने लोकसभा में कहा: दमण-दीव के लोग 1961 से राष्ट्रपति शासन में जी रहे है

Asli Azadi

Leave a Comment