asliazadi
दमन, दानह, दीव की खबरें

प्रशासक प्रफुल पटेल के मार्गदर्शन में दमण में मनाया गया शाला प्रवेशोत्सव

असली आजादी न्यूज नेटवर्क, दमण 14 जून। संघ प्रदेश दादरा नगर हवेली और दमण-दीव के प्रशासक प्रफुल पटेल के कुशल मार्गदर्शन में 13 जून 2026 शनिवार को दमण जिले के सभी प्राथमिक विद्यालयों में शाला प्रवेशोत्सव समारोह धूमधाम से मनाया गया। इस विशेष अभियान के तहत, संघ प्रदेश के पुलिस उप महानिरीक्षक संतोष कुमार मीणा ने दमण के गौतम बुद्ध उच्च प्राथमिक विद्यालय कचीगाम पहुंचकर बाल वाटिका (प्री-प्राइमरी) एवं कक्षा-1 में प्रवेश लेने वाले नन्हें बच्चों को हर्षोल्लास के वातावरण में विद्यालय में प्रवेश कराया और उन्हें उज्जवल भविष्य का आशीर्वाद दिया। इस गौरवमयी अवसर पर शिक्षा सचिव टी. अरुण, कृषि एवं विशेष शिक्षा सचिव डॉ. विवेक कुमार, जिला पुलिस अधीक्षक केतन बंसल, शिक्षा निदेशक महिमा तोमर, जिला पंचायत प्रमुख धरम पटेल, उपप्रमुख रीना पटेल, डीएमसी वाइस प्रेसिडेंट मुकेश पटेल, कचीगाम सरपंच फाल्गुनी पटेल, पूर्व सांसद लालू पटेल, जिला पंचायत सदस्यों में हंसाबेन धोडी, ईश्वर पटेल, मोक्षिका पटेल, हर्षल पटेल, धनसुख पटेल, अशोक पटेल, काउंसिलरों सहित कई गणमान्य जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर मुख्य अतिथि संतोष कुमार मीणा ने अपने प्रेरक संबोधन में शिक्षा विभाग की इस अनूठी पहल की सराहना करते हुए कहा कि बच्चे का पहली बार स्कूल जाना पूरे समाज के लिए एक उत्सव का दिन है। उन्होंने रेखांकित किया कि शिक्षण संस्थान केवल औपचारिक शिक्षा के केंद्र नहीं हैं, बल्कि ये बच्चों के चरित्र निर्माण और समग्र व्यक्तित्व विकास की मुख्य आधारशिला हैं। उन्होंने समाज और देश की उन्नति के लिए बच्चों में ‘साइंटिफिक टेंपर’ (वैज्ञानिक दृष्टिकोण) विकसित करने पर विशेष बल दिया और शिक्षकों एवं अभिभावकों से आह्वान किया कि वे बच्चों में बचपन से ही अनुशासन, ईमानदारी, कठिन परिश्रम, आपसी सहयोग और नेतृत्व जैसे नैतिक गुणों को आत्मसात करवाएं, क्योंकि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता और निरंतर परिश्रम ही प्रगति का कम मार्ग है। कृषि सचिव एवं विशेष सचिव (शिक्षा) डॉ. विवेक कुमार ने उपस्थित जनसमूह का स्वागत करते हुए गर्व व्यक्त किया कि प्रशासक प्रफुल पटेल के नेतृत्व में पिछले आठ वर्षों से यह अनूठा उत्सव निरंतर आयोजित किया जा रहा है, जिसने प्रदेश को चिकित्सा और शिक्षा के क्षेत्र में देश भर में एक नई पहचान दिलाई है। उन्होंने एक ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण उपलब्धि साझा करते हुए बताया कि कुछ समय पहले तक देश के 750 जिलों में शिक्षा के स्तर पर हमारा क्षेत्र सबसे निचले 10 जिलों (लो परफॉर्मेंस डिस्ट्रिक्ट्‌‍स) में गिना जाता था, परंतु हमारे शिक्षक वर्ग की अगाध और निरंतर मेहनत की बदौलत राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण (NAS ) 2024 के परिणामों में आज हमारा प्रदेश देश के शीर्ष 5 जिलों में शामिल हो चुका है। उन्होंने प्रदेश की मजबूत बुनियादी सुविधाओं का जिक्र करते हुए कहा कि आज क्षेत्र में कक्षा 3 से लेकर 12वीं तक की प्रत्येक कक्षा में डिजिटल बोर्ड स्थापित किए जा चुके हैं, ताकि नई पीढ़ी को 21वीं सदी के आधुनिक साधनों से जोड़कर शिक्षा को सुलभ और प्रभावी बनाया जा सके। उन्होंने ‘ज्ञानार्थ प्रवेश और सेवार्थ प्रस्थान’ की समृद्ध भारतीय संस्कृति का उल्लेख करते हुए बच्चों में राष्ट्रवाद की भावना को मजबूत करने पर बल दिया और उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पदचिन्हों पर चलते हुए वैश्विक पटल पर देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। इस व्यापक अभियान के अंतर्गत संघ प्रदेश के सभी IAS, IPS, DANICS तथा अन्य उच्च अधिकारियों ने दमण तथा दीव जिले के विभिन्न प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों की मुलाकात कर बाल वाटिका तथा कक्षा -1 के कुल 2909 बच्चों का शाला प्रवेश कराया। इस अवसर पर प्रत्येक नए छात्र को एक ‘शैक्षणिक किट’ वितरित की गई, जिसमें मुफ्त पाठ्यपुस्तकें, नोटबुक, स्कूल बैग और यूनिफॉर्म शामिल हैं। इसके साथ ही शैक्षणिक वर्ष 2025-26 में कक्षा 8वीं, 10वीं और 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के समापन पर सभी विद्यालयों में विभिन्न दाताओं द्वारा बच्चों को ‘तिथि भोजन’ कराया गया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए स्कूल परिसरों में वृक्षारोपण किया गया, जिसमें गौतम बुद्ध उच्च प्राथमिक विद्यालय, कचीगाम में जिला पंचायत सदस्य हंसाबेन धोड़ी, सरपंच फाल्गुनी पटेल तथा पूर्व सांसद लालू पटेल द्वारा बच्चों को तिथि भोजन दिया गया। दमण के विभिन्न स्कूलों में आयोजित शाला प्रवेशोत्सव में स्वास्थ्य सचिव ए. गोपीकृष्णा, क्राइम ब्रांच की एसपी तनु शर्मा, डिप्टी कलेक्टर आरती अग्रवाल, पुलिस अधिकारी कुमार ज्ञानेश, डीएमसी प्रेसिडेंट दिपीका टंडेल, काउंसिलर तमन्ना मिठाणी, अस्पी दमणिया, जयंती पटेल, रश्मी हलपति, भाविका टंडेल, सरपंचों में सविता पटेल, आशा पटेल, चैताली कामली, वर्िषका पटेल, विजय पटेल, कल्पना हलपति, हेमाक्षी पटेल, सुनीता पटेल, सहित अन्य सरपंचों, काउंसिलरों, जिला पंचायत सदस्यों तथा अधिकारयों ने दमण जिले के छोटे-छोटे बच्चों का स्वागत करके शाला प्रवेश करवाया। इन कार्यक्रमों में बडी संख्या में अभिभावक और शिक्षकों की उपस्थति रही। उल्लेखनीय है कि संघ प्रदेश का शिक्षा विभाग 4 से 14 वर्ष की आयु के प्रत्येक बच्चे को प्राथमिक शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने और उनकी पढ़ाई को बीच में छूटने से रोकने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। माननीय प्रशासक की प्रेरणा से विगत कुछ वर्षों में शिक्षा विभाग द्वारा नवीनतम पहल के रूप में शाला प्रवेशोत्सव, स्मार्ट क्लासरूम, अटल टंकरंग लैब, निपुण भारत और खेल-खेल में सीखें जैसे कई आधुनिक और क्रांतिकारी कार्यक्रम शुरू किए गए हैं। सरकारी स्कूलों में स्मार्ट क्लास और आधुनिक टेक्नोलॉजी के माध्यम से दी जा रही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के कारण अब सरकारी विद्यालयों के प्रति आम जनता का आकर्षण तेजी से बढ़ा है, जिसके सकारात्मक परिणाम स्वरूप प्रदेश में बच्चों के नामांकन में भारी वृद्धि हुई है और ड्रॉप आउट अनुपात में ऐतिहासिक कमी दर्ज की गई है।

Related posts

कोली पटेल समाज हॉल में दमण जिला भाजपा के पदाधिकारियों के लिए प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन

Asli Azadi

दीव के मछुआरों के लिए केंद्र सरकार की योजनाओं का विशेष जनजागृति एवं सहायता अभियान का आज होगा शुभारंभ

Asli Azadi

लक्षद्वीप में वायु सेना के अधिकारियों ने प्रशासक प्रफुल पटेल से मुलाकातकर विभिन्न मुद्दों पर की विस्तृत चर्चा

Asli Azadi

Leave a Comment