असली आजादी न्यूज नेटवर्क, दमण 28 जुलाई। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण दमण द्वारा एडवोकेट्स बार एसोसिएशन दमण के सहयोग से आज शाम 5 बजे परियारी ग्राम पंचायत में कानूनी जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर में वकील मयंक पटेल ने स्वास्थ्य के अधिकार, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के लिए संचालित कल्याणकारी योजनाओं, स्किल इंडिया मिशन, डिजिटल स्किल ट्रेनिंग, पीएम धन योजना तथा नशा मुक्ति से संबंधित डॉन, नालसा योजना की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने नागरिकों से इन योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने और समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। इसके बाद वकील ममता एन. धोडी ने दहेज प्रथा के विरुद्ध बनाए गए कानूनों और महिलाओं के अधिकारों पर प्रकाश डालते हुए सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने के लिए कानूनी जागरूकता की आवश्यकता बताई। वकील नृति बी. राठोड़ ने घरेलू हिंसा अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों की जानकारी देते हुए महिलाओं को उपलब्ध कानूनी सुरक्षा एवं सहायता के बारे में विस्तार से बताया। वहीं वकील कृनाली सी. भंडारी ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान से जुड़े कानूनी पहलुओं और बालिकाओं के अधिकारों पर चर्चा करते हुए समाज में बेटियों की शिक्षा एवं सुरक्षा के महत्व पर जोर दिया। कार्यक्रम के अंत में वकील नृति बी. राठोड़ ने सभी अतिथियों, अधिवक्ताओं एवं उपस्थित ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया। इस कार्यक्रम में परियारी ग्राम पंचायत सरपंच भाविक हलपति, पंचायत की टीम एवं बडी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

