– परिजनों ने शव और गर्भस्थ शिशु की दोबारा जांच की मांग की, शवगृह में हंगामे के बाद बिना अनुमति शव दूसरे अस्पताल ले गए
असली आजादी न्यूज नेटवर्क, सिलवासा 29 अक्टूबर। सिलवासा के नमो अस्पताल में 29 अक्टूबर को 8 माह की गर्भवती 26 वर्षीय महिला काजल सोनुकुमार सिंह की मृत्यु हो गई। चिकित्सकों के अनुसार महिला को सांस लेने में परेशानी होने पर सुबह 6 बजकर 48 मिनट पर अस्पताल लाया गया था। उन्हें आवश्यक आपातकालीन चिकित्सा सुविधा प्रदान कर गहन चिकित्सा इकाई में भर्ती किया गया, लेकिन चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद सुबह 8 बजकर 8 मिनट पर उनकी मृत्यु हो गई। साथ ही गर्भस्थ शिशु की भी मृत्यु होने की जानकारी परिजनों को दी गई। मृतका सिलवासा के भास्ता फलिया स्थित सुरेशभाई की चाल, सुरभि होटल के पास, कमरा नंबर 01 की निवासी थीं। मृत्यु के बाद आगे की जांच और शव परीक्षण की प्रक्रिया के लिए शव को अस्पताल के शवगृह में रखा गया था। अस्पताल की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, दोपहर लगभग 1 बजकर 22 मिनट पर मृतका के कुछ अन्य परिजन उत्तेजित हो गए और शवगृह में हंगामा करने लगे। परिजनों ने मृतका के शव और गर्भस्थ शिशु की दोबारा जांच कराने की मांग की। इस दौरान नमो अस्पताल के चिकित्सकों की टीम ने परिजनों को समझाने और घटना की परिस्थितियों से अवगत कराने का प्रयास किया। इसके बावजूद परिजन कथित रूप से बिना अनुमति शव को शवगृह से बाहर ले गए और दूसरे अस्पताल में पहुंचा दिया। दोपहर लगभग 1 बजकर 45 मिनट पर शव को पुन: नमो अस्पताल के आकस्मिक चिकित्सा विभाग में लाया गया। यहां चिकित्सकों ने परिजनों को महिला और गर्भस्थ शिशु की मृत्यु के संबंध में दोबारा जानकारी दी तथा उन्हें समझाने का प्रयास किया। अस्पताल प्रशासन के अनुसार इस मामले में मृतका के परिजनों को आवश्यक सहयोग और सहायता प्रदान की जा रही है।

