- घेलवाड ग्राम पंचायत क्षेत्र की चालियों और रूमों में रहने वाले परप्रांतीय लोगों के बच्चे शिक्षा से वंचित न रह जायें इसलिए पंचायत ने बच्चों को स्कूल तक लाने का उठाया जिम्मा: हिताक्षी पटेल
- सरपंच हिताक्षी पटेल, जिला पंचायत सदस्य अशोक पटेल एवं दाभेल सरकारी स्कूल के शिक्षकों ने चीकूवाडी विस्तार में घर-घर जाकर अभिभावकों से की रूबरू बातचीत
असली आजादी न्यूज नेटवर्क, दमण 13 अक्टूबर। भारत सरकार द्वारा देश के 100 प्रतिशत बच्चों को शिक्षा मिले इसी उद्देश्य से कई योजनाएं चलाई जा रही है। इसी के तहत घेलवाड ग्राम पंचायत ने सरपंच हिताक्षी पटेल के नेतृत्व में प्रधानमंत्री सेवा संकल्प अभियान के तहत एक अनोखी मुहिम चलाया। जिसके तहत पंचायत विस्तार के सभी बच्चों को शिक्षा दिलाने के लिए अभिभावकों को जागरूक किया गया। सरपंच हिताक्षी पटेल, जिला पंचायत सदस्य अशोक पटेल एवं दाभेल सरकारी स्कूल के शिक्षकों ने घेलवाड पंचायत विस्तार के चीकूवाडी क्षेत्र में घर-घर जाकर अभिभावकों से मुलाकात की और शिक्षा से वंचित बच्चों को तुरंत स्कूल भेजने के लिए जागरूक किया। इस दौरान टीन ने स्कूल न जाने वाले बच्चों के अभिभावकों को शिक्षा का महत्व समझाया और उनसे अपील की कि वे उनके अच्छे भविष्य के लिए उन्हें तुरंत स्कूल वापस भेजें। इसके अलावा ग्राम पंचायत ने बच्चों के स्कूल एडमिशन के लिए जरूरी बर्थ सर्टिफिकेट और आधार कार्ड जैसे डॉक्यूमेंट्स दिलाने में पूरा सहयोग देने का भरोसा दिया है, ताकि घेलवाड़ पंचायत क्षेत्र का एक भी बच्चा शिक्षा के अधिकार से वंचित न रह सके। घेलवाड ग्राम पंचायत सरपंच हिताक्षी पटेल ने कहा कि घेलवाड एक औद्योगिक विस्तार है जिसके चलते यहां चालियों और रूमों में बडी संख्या में परप्रांतीय लोग रहते है। उनके बच्चें शिक्षा से वंचित न रह जायें इसके लिए पंचायत में एक अनोखी मुहिम चलाई है। जिसके माध्यम से शिक्षा से वंचित बच्चों को वापस स्कूल लाने की पंचायत द्वारा कोशिश की जा रही है। इसी के तहत आज हमने शिक्षकों के साथ घर-घर जाकर अभिभावकों से मुलाकात की और उनके बच्चों को स्कूल वापस भेजने के लिए जागरूक किया। साथ ही स्कूल में प्रवेश दिलाने के लिए सहयोग करने का भरोसा भी पंचायत की ओर से दिया गया।

