असली आजादी न्यूज नेटवर्क, दमण 25 नवंबर। दादरा नगर हवेली में युवा विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया, निर्वाचन प्रणाली एवं मतदाता जागरूकता से जोड़ने के उद्देश्य से इलेक्ट्रोल लिटरेसी क्लब के अंतर्गत दादरा एवं नगर हवेली के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में क्विज तथा निबंध लेखन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है । इन प्रतियोगिताओं का शुभारंभ सरकारी उच्चतर माध्यमिक शाला (हिंदी माध्यम), टोकरखाड़ा में आयोजित कार्यक्रम के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. अनिता कुमार, डि्ट्रिरक्ट को-ऑर्डिनेटर, परितोष शुक्ला सहायक निदेशक (शिक्षा), जयेश भंडारी, प्राचार्य तथा को-ऑर्डिनेटर ईएलसी भरत सोनवणे एवं निर्वाचन विभाग के धर्मेश पटेल द्वारा दीप प्रज्जवलित करके किया गया। इस कार्यक्रम में परितोष शुक्ला, सहायक निदेशक (शिक्षा) ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए चुनाव प्रक्रिया के विभिन्न चरणों, निर्वाचन प्रणाली तथा लोकतंत्र में नागरिकों की सहभागिता के महत्त्व पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला। उन्होंने इलेक्ट्रोल लिटरेसी क्लब की अवधारणा, उद्देश्यों एवं गतिविधियों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक होने का संदेश दिया। इस अवसर पर डॉ. अनिता कुमार, डि्ट्रिरक्ट को-ऑर्डिनेटर ने क्लब के मूल उद्देश्यों एवं कार्यप्रणाली की जानकारी देते हुए चुनाव प्रक्रिया से संबंधित प्रपत्रों, क्विज एवं निबंध लेखन प्रतियोगिताओं के आयोजन तथा सहभागिता संबंधी दिशा-निर्देशों से विद्यार्थियों को अवगत कराया। इसके पश्चात वीडियो प्रस्तुति के माध्यम से चुनाव प्रक्रिया को सरल एवं प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया गया। विद्यार्थियों को इलेक्ट्रोल लिटरेसी क्लब से संबंधित पुस्तिकाएं वितरित की गईं तथा निबंध लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई। इस अभियान के अंतर्गत आज दादरा नगर हवेली के सरकारी उच्चतर माध्यमिक शालाओं (हिंदी, गुजराती, अंग्रेजी एवं मराठी माध्यम) में इलेक्ट्रोल लिटरेसी क्लब का शुभारंभ किया गया जिसके अंतर्गत क्विज तथा निबंध लेखन प्रतियोगिताऐं आयोजित की गई। दादरा नगर हवेली के सभी विद्यालयों तथा विभिन्न महाविद्यालयों में क्विज एवं निबंध लेखन प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। यह पहल विद्यार्थियों में निर्वाचन प्रक्रिया की समझ विकसित करने, लोकतांत्रिक चेतना जागृत करने तथा भावी मतदाताओं को जागरूक, जिम्मेदार एवं सक्रिय नागरिक के रूप में तैयार करने की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण प्रयास है।

