asliazadi
दमण, दानह, दीव की खबरें

दमण बार एसो. प्रेसिडेंट मारियो लोपेस ने प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश आर.एस. तिवारी का किया समर्थन

  • दमण बार एसो. के प्रेसिडेंट मारियो लोपेस ने प्रेस बयान जारी कर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश आर.एस. तिवारी को निष्पक्ष न्यायाधीश बताया है
  • मारियो लोपेस ने प्रशासक प्रफुल पटेल से अनुरोध किया है कि एक ईमानदार एवं कर्तव्यनिष्ठ न्यायाधीश के खिलाफ पारित प्रस्ताव मामले की सीबीआई जांच का आदेश दें
  • दमण बार एसो. ने प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अदालत के बीच कथित व्यवहार को लेकर सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर न्यायिक कार्य से दूर रहने का लिया था निर्णय: बॉम्बे हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश से हस्तक्षेप की उठाई थी मांग

असली आजादी न्यूज नेटवर्क, दमण 26 नवंबर। दमण में न्यायतंत्र और बार एसोसिएशन के बीच चल रहे तनाव मामले में नया ट्विस्ट आया है। दो दिन पहले बार एसोसिएशन के प्रेसिडेंट की सम्मति के बगैर दमण बार एसोसिएशन के बाकी सदस्यों ने दमण-दीव के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश आर.एस. तिवारी के खिलाफ प्रस्ताव पारित कर न्यायिक कार्यप्रणाली से दूर रहने का निर्णय लिया था और साथ ही साथ इस मामले में बॉम्बे हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश से हस्तक्षेप करने की मांग की थी। आज इस मामले में दमण बार एसोसिएशन के प्रेसिडेंट मारियो लोपेस ने प्रेस बयान जारी कर अपना पक्ष रखते हुए प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश आर.एस. तिवारी का समर्थन किया है। अपने प्रेस बयान में दमण बार एसोसिएशन के प्रेसिडेंट मारियो लोपेस ने कहा है कि दमण-दीव माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री आर.एस. तिवारी पिछले लगभग बीस महीनों से दमण और दीव में कार्यरत हैं और उनके खिलाफ किसी भी तरह की कोई शिकायत नहीं रही है। श्री आर.एस. तिवारी एक ईमानदार और निष्पक्ष न्यायाधीश हैं, जो कानून के अनुसार पूरी सख्ती से अपना कर्तव्य निभा रहे हैं। मारियो लोपेस ने कहा है कि मैं पिछले तीस वर्षों से अधिक समय से दमण बार एसोसिएशन का अध्यक्ष हूँ। मैंने इस प्रस्ताव का हिस्सा बनने से खुद को अलग रखा है और इस पर हस्ताक्षर करने से भी इनकार कर दिया है, जबकि कुछ वकील मेरे हस्ताक्षर लेने के लिए मेरे आवास पर आए थे। मैं दादरा नगर हवेली और दमण-दीव के माननीय प्रशासक से भी अनुरोध करता हूँ कि वे एक ईमानदार न्यायाधीश के खिलाफ पारित इस प्रस्ताव के पूरे मामले की सीबीआई जांच का आदेश दें, ताकि इस प्रस्ताव को पारित करने के असली उद्देश्यों और इसके पीछे शामिल वास्तविक लोगों का पता चल सके। मैं दमण की जनता और मुकदमों से जुड़े लोगों से अपील करता हूँ कि वे न्यायपालिका पर पूरा भरोसा और विश्वास रखें। ज्ञात हो कि दमणबार एसोसिएशन के एक के मुकाबले सभी वकीलों द्वारा पारित किये गये प्रस्ताव पर बॉम्बे हाईकोर्ट का रुख क्या रहता है उस पर सभी की निगाहें रहेगी।

Related posts

प्रशासक प्रफुल पटेल से प्रसिद्ध पार्श्वगायक नीरज श्रीधर ने की शिष्टाचार भेंट

Asli Azadi

एजीएमयूटी कैडर के आईएएस, आईपीएस, दानिक्स एवं दानिप्स अधिकारियों के हुए तबादले

Asli Azadi

सांसद उमेश पटेल ने लोकसभा में उठाई दीव-वणाकबारा बंदरगाह की वर्षों पुरानी ड्रेजिंग समस्या

Asli Azadi

Leave a Comment