asliazadi
दमन, दानह, दीव की खबरें

पीएम मोदी के नेतृत्व में देश बनेगा विकसित, युवाओं के लिए बढेंगे अवसर: अनुराग ठाकुर 

असली आजादी न्यूज नेटवर्क, सिलवासा 20 फरवरी। भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा खेलों के विकास हेतु कई प्रभावी कदम उठाये गए हैं। उनके इन प्रयासों को केन्द्रशासित दादरा एवं नगर हवेली और दमण-दीव के प्रशासक प्रफुल पटेल के कुशल नेतृत्व एवं सक्षम मार्गदर्शन और निर्देशन में प्रदेश प्रशासन द्वारा सक्रियता से आगे बढ़ाया जा रहा है। केन्द्रशासित प्रदेश दादरा एवं नगर हवेली और दमण-दीव प्रशासन द्वारा केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर की अध्यक्षता में तथा केन्द्रशासित प्रदेश दादरा एवं नगर हवेली और दमण-दीव तथा लक्षद्वीप के प्रशासक प्रफुल पटेल की उपस्थिति में सिलवासा के सायली स्टेडियम ग्राउंड पर स्पोर्ट्स आउटरीच प्रोग्राम के तहत स्पोर्ट्स किट वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत विकसित बनने की दिशा में आगे बढ चुका है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में हम 10वें स्थान से 5वीं अर्थव्यवस्था बन गये है और पीएम मोदी के आनेवाले तीसरे कार्यकाल में भारत दुनिया की तीसरी अर्थव्यवस्था बन जायेगा। खेल मंत्री ने इस प्रदेश में खेल और अन्य क्षेत्रों की विकासशील उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त की और अत्यधिक संख्या में प्रदेशवासियों तथा युवा खिलाड़ियों को उपस्थित रहने के लिया आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के कुशल मार्गदर्शन में भारत में खेलों के विकास हेतु प्रभावी कदम उठाए गए हैं। इसके साथ ही उनका यह विजन भी है कि विकास के प्रत्येक क्षेत्र में स्वदेशी की गूंज हो और उसकी खुश्बू हो। उन्होंने भारत की अंतर्राष्ट्रीय खेल स्पर्धाओं की उपलब्धियों के बारे में बताया कि कैसे खिलाड़ियों को प्रधानमंत्री की सोच के चलते बुनियादी सुविधाओं और उच्चतर प्रशिक्षण मुहैया कराया, जिसके कारण वे अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपने देश का परचम लहराने में सफल हुए। खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि सिलवासा के सायली में इतना शानदार स्टेडियम बनने पर पीएम मोदी और प्रशासक प्रफुल पटेल का युवाओं को आभार जताना चाहिए। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के मार्गदर्शन और प्रशासक प्रफुल पटेल नेतृत्व में दीव में देश का पहला बिच गेम्स का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया जिसकी पूरी दुनिया में चर्चा हो रही है। उन्होंने कहा कि भविष्य में जब भी अंतर्राष्ट्रीय या राष्ट्रीय स्तर पर बिच गेम्स के आयोजन की बात आयेगी तो दीव और दमण का नाम भी आ सकता है। उन्होंने कहा कि मैं यहां इसके पहले भी दो-तीन बार आया था तब कुछ नहीं था लेकिन इस बार मैंने देखा कि राम पथ से नम पथ तक अद्भुत विकास प्रशासक प्रफुल पटेल द्वारा किया गया है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने युवाओं को खेल में आगे बढने के लिए चार गुना बजट में बढोत्तरी की है। उन्होंने देश के खिलाडियों के विदेश में विभिन्न खेलों में बेहतरीन प्रदर्शन और मेडल जीतने के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि 2030 में हम युथ ओलंपिक और 2036 में समर ओलंपिक का आयोजन करेंगे। उन्होंने कहा कि मोदी है तो सब मुमकिन है, वह दिन दूर नहीं जब भारत में ओलंपिक का आयोजन होगा। उन्होंने प्रदेश के तीनों जिलों के युवा खिलाड़ियों को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि वितरित किए गए इन संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए अपने उत्तम प्रदर्शन द्वारा इस प्रदेश के साथ-साथ देश का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने इस प्रदेश के खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए आश्वस्त किया कि वे खेल मंत्रालय की तरफ से नई और उत्तम खेल की सुविधाएं इस प्रदेश को प्रदान करेंगे। इस अवसर पर केन्द्रशासित प्रदेश दादरा एवं नगर हवेली और दमण-दीव तथा लक्षद्वीप के प्रशासक प्रफुल पटेल ने पीएम मोदी के नेतृत्व में केन्द्रशासित प्रदेश दादरा एवं नगर हवेली और दमण-दीव का पिछले 10 वषार्ें में चहुंमुखी विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि मैंने खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर से परामर्श कर लिया है, दादरा नगर हवेली के सायली स्टेडियम में एक साल में रणजी ट्रॉफी मैच खेलना शुरु हो जायेगा। प्रशासक प्रफुल पटेल ने कहा कि दादरा नगर हवेली का दुर्भाग्य रहा है कि आजादी के दशकों के बाद जो विकास होना चाहिए वह नहीं हुआ, एक ही परिवार ने 25 साल शासन किया फिर भी युवाओं के लिए कुछ भी नहीं किया। उन्होंने कहा कि कौंचा विस्तार में एक ब्रिज भी नहीं बन पाया था। आज कौंचावासियों के लिए ब्रिज के साथ ही दादरा नगर हवेली के अनेक विस्तारों में विकास कार्य हुए है। संघ प्रदेश थ्रीडी के विद्यार्थियों के लिए शिक्षा के क्षेत्र में सभी कोर्स उपलब्ध हो गये है। अब यहां से हर वर्ष बडी संख्या में डॉक्टर, इंजीनियर, नर्स निकलेंगे, यह सब पीएम मोदी के मार्गदर्शन में ही हो सका है। प्रशासक ने वर्ष 2023 में घोषित स्पोर्ट्स आउटरीच प्रोग्राम का आगाज करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के अथक प्रयासों एवं खेलों के विकास हेतु उठाए गए प्रभावी कदमों के परिणामस्वरूप खेल स्पर्धाओं के क्षेत्र में भारत की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि देश की बेटियां भी बराबर की भागीदार रही हैं और भारत ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अमिट पहचान बनाई है। उन्होंने दादरा एवं नगर हवेली और दमण-दीव में बनाए गए नए स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर के बारे में बताते हुए सभी प्रदेशवासियों से इन सुविधाओं का लाभ लेने हेतु प्रोत्साहित किया जिससे निश्चय ही संघ प्रदेश के शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों के खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलेगा। संघ प्रदेश प्रशासन द्वारा खेल के विकास हेतु कई बुनियादी आधारभूत संरचनाओं का विकास किया गया है। खिलाड़ियों को बेहतर एवं गुणवत्तायुक्त प्रशिक्षण और साधन सामग्री भी मुहैया करायी गयी है। सायली क्रिकेट स्टेडियम पर केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर के आगमन पर स्थानीय लोक नृत्य तारपा, ढ़ोल और तुर थाली द्वारा स्वागत किया गया। उनके साथ आमंत्रित तृप्ति मुरगुंडे (बैडमिंटन खिलाड़ी), साक्षी पुनिया (महिला पहलवान) तथा मुनाफ पटेल (क्रिकेटर) का भी स्वागत किया गया। दादरा नगर हवेली तथा दमण आगमन पर यहां के प्रदेशवासियों, खिलाड़ियों तथा खेल प्रेमियों ने पूरे उमंग और उत्साह के साथ अपनी खुशी व्यक्त करते हुए उनका तहेदिल से स्वागत किया। इसके पश्चात खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर और प्रशासक प्रफुल पटेल के कर-कमलों से दादरा नगर हवेली और दमण की 9 क्रिकेट, 9 वॉलीबॉल और 9 फुटबॉल सहित कुल 27 टीमों को सांकेतिक रूप में स्पोर्ट्स किट का वितरण किया गया। संघ प्रदेश प्रशासन द्वारा आयोजित स्पोर्ट्स आउटरीच प्रोग्राम के भव्य कार्यक्रम में तीनों जिलों के लगभग 35,000 प्रतिभावान खिलाडियों को स्पोर्ट्स किट प्रदान किए जाएंगे। इसमें अलग-अलग खेलों के लगभग 12410 स्पोर्ट्स किट्स वितरित किए जाएंगे। जिसमें 1460 क्रिकेट बैट, 4380 क्रिकेट बॉल, 730 क्रिकेट स्टंपसेट, 1460 वॉलीबॉल, 730 वॉलीबॉल नेट, 1460 फुटबॉल, 2190 किट बैग शामिल हैं। इससे निश्चय ही इस प्रदेश के प्रतिभावान युवा खिलाड़ी विविध खेल स्पर्धा में अपना बेहतर प्रदर्शन कर पाएंगे। इस कार्यक्रम के शुभारंभ में प्रशासक प्रफुल पटेल, दमण-दीव सांसद लालू पटेल, दानह पूर्व सांसद नटू पटेल, दानह जिला पंचायत अध्यक्ष दामजी कुराडा, सिलवासा नगरपालिका प्रमुख रजनी शेट्टी, दमण जिला पंचायत अध्यक्षा जागृति पटेल, दमण नगरपालिका प्रमुख अस्पी दमणिया, सिलवासा नगरपालिका के पूर्व प्रमुख राकेशसिंह चौहाण, दानह जिला पंचायत की पूर्व अध्यक्षा निशा भावर, एडवोकेट सनी भीमरा, स्पोर्ट्स एसोसिएशन दादरा नगर हवेली, सभी जिला पंचायत सदस्यों, सरपंचों, सिलवासा नगरपालिका परिषद और दमण नगरपालिका परिषद के काउंसिलरों, दानह और दमण तथा भारतीय जनता पार्टी के प्रतिनिधिगण, प्रदेश के अग्रणी नागरिकों, हिमाचल प्रदेश समाज तथा विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधिगण और इंडस्ट्रीयल एसोसिएशन द्वारा केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर का पुष्पगुच्छों और स्मृति भेंट करके स्वागत किया। इसके पश्चात साथ तृप्ति मुरगुंडे (बैडमिंटन खिलाड़ी), साक्षी पुनिया (महिला पहलवान) तथा मुनाफ पटेल (क्रिकेटर) को सम्मानित किया गया। दादरा नगर हवेली तथा दमण-दीव के स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर पर लघु फिल्म दिखाई गई। इस मुख्य कार्यक्रम में 30,000 से अधिक प्रदेशवासियों, खिलाड़ियों तथा खेल प्रेमीगण, लोकप्रिय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति अपनी कृतज्ञता प्रस्तुत करने के लिए उपस्थित रहे। इसके पहले केन्द्रीय खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने दमण में नमो पथ, जंपोर आयुष्मान आरोग्य मंदिर और दादरा नगर हवेली में पंचायत घर खरडपाड़ा, अक्षयपात्र, अंडर ब्रिज स्पोर्ट्स एरिना तथा नमो मेडिकल कॉलेज एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट का भी दौरा किया। इस कार्यक्रम में बडी संख्या में युवा खिलाडी मौजूद रहे।

Related posts

दीव में मछुआरों के लिए बंदरगाह और वणाकबारा में ड्रेजिंग कार्य, आधुनिक फिशिंग हार्बर जेटी और डीजल पर वैट माफ की हुई घोषणा

Vijay Bhatt

दमण-दीव लोकसभा सीट से हैट्रिक सांसद लालू पटेल को भाजपा ने फिर दिया टिकट

Vijay Bhatt

निक्षय-निकुष्ठ मित्रों द्वारा टीबी एवं लेप्रोसी के मरीजों को पोषक आहार का वितरण

Vijay Bhatt

Leave a Comment