असली आजादी न्यूज नेटवर्क, यूके/दमण 22 नवंबर। यूके के लीसेस्टर में बसे दमण के मूल नागरिकों द्वारा भारत के हर त्यौहार एवं राष्ट्रीय पर्वों को धूमधाम एवं उत्साहपूर्वक मनाया जाता है। इसी के तहत देवउठनी एकादशी के अवसर पर 20 नवंबर को हिन्दू मंदिर लीसेस्टर में तुलसी विवाह कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। शाम 7 बजे से आयोजित कार्यक्रम में हिन्दू शास्त्रों के अनुसार संपूर्ण विधि-विधान से भगवान श्री शालिग्राम विष्णु और माता भगवती तुलसी वृंदा का विवाह संपन्न कराया गया। इस कार्यक्रम में भगवान श्री शालिग्राम विष्णु वर पक्ष की ओर से दिनेश नटु ढींगला-ढींगली, शोभनाबेन दिनेश लेडी ग्रुप और माता भगवती तुलसी वृंदा कन्यापक्ष की ओर से कामिनी संदीप बाबू पटेल तथा शिवांश संदीप पटेल शामिल हुए। मामा पक्ष की ओर से श्री हिदू मंदिर शबरी महिला मंडल की बहनें उपस्थित रही। इस अवसर पर बडी संख्या में परिवार के सदस्यों, मित्र मंडल, भक्तमंडल एवं अतिथियों ने उपस्थित रहकर भगवान विष्णु और माता तुलसी वृंदा का दर्शन किया और आशीर्वाद प्राप्त किया। यह कार्यक्रम हिन्दू मंदिर, ट्रस्टी मंडल तथा कार्यवाहक समिति के सहयोग से आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के अंत में अल्पाहार की व्यवस्था भी की गई थी।

