असली आजादी न्यूज नेटवर्क, दीव 22 नवंबर। दीव के पुराने पुल पर एक चार पहिया वाहन का टायर फटने से हादसा हो गया। कार में सवार अहमदाबाद के पांच युवक घायल हो गये, जिन्हें सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। मिली जानकारी के मुताबिक, अहमदाबाद से दीव घूमने आए चालक अजय गोहिल, अपने साथियों कौशिक, निकुंज, पार्थ और भार्गव के साथ दीव से घोघला की ओर जा रहे थे। घोघला पुल से नीचे उतरते समय अचानक गाड़ी का एक टायर फट गया, जिससे चालक का स्टीयरिंग पर से नियंत्रण हट गया। टायर फटने के बाद कार जोर से पुल की रेलिंग से टकराई और फिर घूमकर पुल के बीचों-बीच आ गई। गाड़ी का एक हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार में सवार पांचों युवक घायल हो गए और वे बुरी तरह घबरा गए थे। सूचना मिलने पर 108 एम्बुलेंस तुरंत मौके पर पहुंची और पांचों युवकों को इलाज के लिए दीव के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। इस बीच दीव पुलिस को भी हादसे की जानकारी दी गई। पीआई गावित और पीएसआई भाविनी हलपति के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी।

