– किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए जिला प्रशासन तैयार – प्रशासन ने नागरिकों को दी चेतावनी:नदी, नालों और जलाशयों से दूर रहें और बिना आवश्यकता घर से बाहर न निकलें
असली आजादी न्यूज नेटवर्क, दमण, 31 जुलाई। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने दादरा नगर हवेली तथा दमण सहित दक्षिण गुजरात के वलसाड जिले में अगले 24 घंटों के भीतर भारी से अतिभारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान कई स्थानों पर अत्यधिक भारी वर्षा होने की संभावना है। जिसके चलते निचले इलाकों में जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है। मौसम विभाग द्वारा जारी रेड और ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें तथा नदी, नालों, जलाशयों और समुद्र तटों के आसपास जाने से बचें। विशेष रूप से बच्चों और बुजुर्गों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है। साथ ही कहा गया है कि बारिश के दौरान अनावश्यक घर से बाहर ना निकले। प्रशासन ने कहा है कि लगातार हो रही बारिश के कारण सड़कों पर जलभराव, यातायात बाधित होने, पेड़ों के गिरने तथा बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की संभावना बनी हुई है। यदि इस तरह की स्थिति बनती है तो जिला प्रशासन के हेल्पलाइन नं-1077 पर सूचित करें। यदि जलभराव की स्थिति होती है, तो सुरक्षति स्थान पर चले जाए। निचले क्षेत्रों में अचानक बाढ़ आने का भी खतरा जताया गया है। जिला प्रशासन ने नागरिकों से मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने, अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन की ओर से जारी हेल्पलाइन तथा आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकतानुसार राहत एवं बचाव दलों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। नागरिकों से सहयोग और सतर्कता बरतने का आग्रह किया गया है।
भारी बारिश के चलते 1 अगस्त को दादरा नगर हवेली और दमण के सभी शैक्षणिक संस्थान रहेंगे बंद
भारतीय मौसम विभाग द्वारा अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी के मद्देनजर जिला प्रशासन ने एहतियातन 1 अगस्त 2026 को दादरा नगर हवेली और दमण जिले के सभी सरकारी एवं निजी स्कूल, कॉलेज, आईटीआई, पॉलिटेक्निक और आंगनवाड़ी विद्यार्थियों के लिए बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं।

