असली आजादी न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली/दमण 11 अगस्त। भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के वरिष्ठ अधिकारी ज्ञानेश भारती को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह का नया मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से सोमवार को जारी आदेश में उनकी नियुक्ति की जानकारी दी गई। ज्ञानेश भारती इससे पहले भारत निर्वाचन आयोग में उप चुनाव आयुक्त के पद पर कार्यरत थे। ज्ञानेश भारती अरुणाचल प्रदेश-गोवा-मिजोरम और केंद्र शासित प्रदेश (एजीएमयूटी) कैडर के 1998 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। उनकी नई नियुक्ति से पहले उन्हें उनके मूल कैडर में वापस भेजने की प्रक्रिया पूरी की गई। बता दें कि ज्ञानेश भारती केंद्र सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय में अपर सचिव के पद पर भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। इसके अलावा केंद्र सरकार के कई महत्वपूर्ण विभागों में काम करते हुए उन्होंने व्यापक प्रशासनिक अनुभव हासिल किया है। कार्मिक मंत्रालय की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, केंद्रीय गृह मंत्रालय के अनुरोध पर मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति (एसीसी) ने भारती को उनके मूल कैडर में वापस भेजने का आदेश जारी किया। इसके बाद गृह मंत्रालय ने अलग आदेश जारी करते हुए उन्हें अंडमान और निकोबार द्वीप समूह का मुख्य सचिव नियुक्त कर दिया। ज्ञानेश भारती प्रशासनिक सेवा में लंबे अनुभव वाले अधिकारी हैं। उप चुनाव आयुक्त के तौर पर उन्होंने निर्वाचन संबंधी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं। अब अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के मुख्य सचिव के रूप में उनके सामने केंद्र शासित प्रदेश के प्रशासनिक कामकाज की निगरानी और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की जिम्मेदारी होगी।

