– गत सप्ताह दिव्यांगजनों को श्रवण यंत्र देने के बाद अगले सप्ताह दो एम्बुलेंस भी होंगी जनता को समर्पित: दीव में जनसेवा को समर्पित एमपीलाड्स की नई सौगातें
असली आजादी न्यूज नेटवर्क, दीव 28 सितंबर। दमण-दीव सांसद उमेश पटेल ने शहीद भगत सिंह के जन्मोत्सव के अवसर पर दीव की जनता को सांसद निधि के तहत लगभग 70-80 लाख रूपये की लागत से दो परिवहन बसें समर्पित की हैं। दीव की जनता को बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में आज सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना (एमपीलाड्स) के अंतर्गत उपलब्ध कराई गई दो परिवहन बसें जनता की सेवा के लिए समर्पित की गईं। इन बसों के उपलब्ध होने से दीव के नागरिकों को सार्वजनिक परिवहन की सुविधा को और बेहतर एवं सुलभ बनाने में सहायता मिलेगी। विशेष रूप से आम नागरिकों, विद्यार्थियों, वरिष्ठ नागरिकों तथा दैनिक आवागमन करने वाले लोगों को इसका लाभ मिल सकेगा। इस अवसर पर सांसद उमेश पटेल ने कहा कि एमपीलाड्स के माध्यम से उपलब्ध धनराशि का उपयोग ऐसी जनोपयोगी सुविधाओं के लिए किया जा रहा है, जिनका लाभ सीधे आम जनता तक पहुंचे। इसी क्रम में गत सप्ताह दीव के दिव्यांगजनों के लिए लगभग 24 लाख रूपये की लागत से श्रवण यंत्र उपलब्ध कराए गए थे, ताकि श्रवण संबंधी कठिनाईयों का सामना कर रहे जरूरतमंद दिव्यांगजनों को सहायता मिल सके। इसके साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने की दिशा में अगले सप्ताह लगभग 40 से 45 लाख रूपये की लागत से दो एम्बुलेंस भी दीव की जनता की सेवा के लिए समर्पित की जाएगी। इन एम्बुलेंस के उपलब्ध होने से विशेष रूप से आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को समय पर चिकित्सा सुविधा तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। उमेश पटेल ने कहा कि एमपीलाड्स की प्रत्येक राशि जनता की है और उसका अधिकतम उपयोग जनता की आवश्यकताओं एवं सुविधाओं के लिए होना चाहिए। हमारा प्रयास है कि शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन और दिव्यांगजन कल्याण जैसे क्षेत्रों में ऐसी स्थायी सुविधाएं विकसित हों, जिनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि दो बसें, दिव्यांगजनों के लिए श्रवण यंत्र तथा आगामी दो एम्बुलेंस इसी जनसेवा के संकल्प का हिस्सा हैं। आने वाले समय में भी दीव सहित पूरे संसदीय क्षेत्र में आवश्यक जनसुविधाओं को मजबूत करने के लिए एमपीलाड्स के माध्यम से विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।

