असली आजादी न्यूज नेटवर्क, दमण 13 नवंबर। दक्षिण गुजरात और दमण का प्रसिद्ध पारंपरिक घेरैया नृत्य मोटी वांकड़ गांव में बड़े उत्साह और उमंग के साथ आयोजित किया गया। विलुप्त होती जा रही इस लोकनृत्य परंपरा को जीवित रखने का सराहनीय प्रयास गांव के युवा कर रहे हैं। घेरैया नृत्य आदिवासी एवं कोली पटेल समाज के पूर्वजों की पारंपरिक सांस्कृतिक विरासत रहा है। पहले यह नृत्य क्षेत्र के प्रत्येक गांव में आयोजित किया जाता था। परंपरा के अनुसार प्रत्येक गांव में स्थानीय माता के नाम से घोर यानि कि घेर बांधी जाती है। दीपावली पर्व के दौरान वाघबारस से इसकी शुरुआत होती है और आसपास के गांवों में जाकर नृत्य किया जाता है। यह परंपरा धनतेरस, काली चौदस, दीपावली, नववर्ष और भाईबीज सहित पांच दिनों तक चलती है। इस नृत्य की सबसे खास विशेषता यह है कि इसमें किसी भी प्रकार के संगीत वाद्ययंत्रों का उपयोग नहीं किया जाता। इसके बावजूद नर्तक और दर्शक पूरे उत्साह के साथ इसका आनंद लेते हैं। घेरैया नृत्य में माता के नाम का तार, पंवाडो, गरबी, झरियू और सेवाल जैसे विभिन्न गायन एवं नृत्य के उपप्रकार शामिल हैं। मोटी वांकड़ गांव में पूर्वजों के समय से भाईबीज के दिन यह नृत्य आयोजित करने की परंपरा रही है। स्थानीय निवासी गांव के देवों जैसे कि हिरुदेव, ब्रह्मदेव, खत्रीदेव, भूतदेव, वाघरियादेव, माताएं जैसे कि अंबा माता, होली माता, मीठी माता तथा योगेश्वर मंदिर के प्रांगण में घेरैया नृत्य प्रस्तुत किया जाता है। गांव के युवाओं ने पीढ़ी-दर-पीढ़ी इस परंपरा को आज तक जीवित रखा है। इस आयोजन में योगेश कांति पटेल, अवनीत सुमन पटेल और धर्मेश अमृता पटेल ने कवि की भूमिका निभाई, जबकि राजू ठाकर पटेल ने सरिकारी की भूमिका निभाई। इस वर्ष के आयोजन में करीब 30 घेरैयाओं की टोली ने भाग लिया। इसके अलावा गांव के बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों सहित सभी आयु वर्ग के लोगों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और पारंपरिक नृत्य का भरपूर आनंद उठाया।

