– कांग्रेस अध्यक्ष केतन पटेल ने भाजपा सरकार एवं भाजपा नेताओं को चापलूसी दरकिनार करके जनहित के कार्य करने और खाली पदों को स्थानीय युवाओं से भरने की दी नसीहत
असली आजादी न्यूज नेटवर्क, दमण 28 सितंबर। दमण-दीव कांग्रेस अध्यक्ष केतन पटेल ने संघ प्रदेश दादरा नगर हवेली और दमण-दीव पुलिस विभाग में खाली पडे 300 पदों पर जल्द से जल्द भर्ती करने की मांग की है। कांग्रेस अध्यक्ष केतन पटेल ने बयान जारी करते हुए कहा है कि दमण एसपी केतन बंसल जैसे पुलिस अधिकारी पर मैं गर्व करता हूं। उन्होंने प्रदेश के डीआईजीपी और आईजीपी से मांग करते हुए कहा कि दादरा नगर हवेली और दमण-दीव में पुलिस विभाग में 900 पद हैं। जिसमें से आज के दिन तक 300 पद खाली हैं, नियुक्ति क्यों नहीं की जा रही है। केतन पटेल ने कहा कि मुझे पता है कि 2016 से पुलिस विभाग में प्रमोशन नहीं हुआ है, जिसके कारण कई कर्मचारी बिना प्रमोशन के रिटायर हो चुके हैं। अधिकारी दिल्ली से आते हैं और 2-3 साल में चले जाते हैं, लेकिन स्थानीय कर्मचारियों को इसका खामियाजा भुगतना पड़ता है। मैं आपके माध्यम से डीआईजीपी, शासन, प्रशासन को कहना चाहता हूं कि जो भी खाली पद हैं उस पर तुरंत भर्ती की जाए। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस का समय था और कांग्रेस की सरकार थी तब हमने काफी पुलिस कांस्टेबल और पीएसआई की भर्ती की थी, जिसमें सिर्फ और सिर्फ दादरा नगर हवेली और दमण-दीव के युवाओं को चयन किया गया था और स्थानीय युवाओं को मौका दिया गया था, लेकिन अब बाहरी लोगों को भर्ती किया जा रहा है। हमारे दमण-दीव के बच्चे कहां जाएंगे? लंदन जा रहे हैं क्योंकि आप किसी को नौकरी नहीं दे रहे हैं। कांग्रेस पार्टी ने जो डोमिसाइल लागू किया था उस डोमिसाइल को खत्म कर दिया गया है। केतन पटेल ने कहा कि मैं तो इतना ही कहना चाहूंगा कि भाजपा की सरकार है और शासन-प्रशासन भी भाजपा का है। मैं भाजपा के चुने हुए जनप्रतिनिधियों और भाजपा के नेताओं से कहना चाहता हंू कि चापलूसी को दरकिनार करके जनहित के कार्य करें। सरकार आपकी है, जो भी खाली पद हैं उसे भरना चाहिए। साथ ही यह भी देखना चाहिए कि खाली पदों को सिर्फ और सिर्फ स्थानीय युवाओं से ही भरा जाएं।

