– दमणवाडा जिला पंचायत सदस्य मुकेश गोसावी और दमणवाडा सरपंच कल्पना हलपति ने दमणवाडा पंचायत विस्तार के कुपोषित बच्चों को सुपोषित बनाने का लिया संकल्प – कुपोषण से बचने एवं आयरन की कमी को दूर करने के लिए रखी जाने वाली सावधानियों और खाद्य पदार्थों की दी गई जानकारी
असली आजादी न्यूज नेटवर्क, दमण 25 सितंबर। दमणवाडा के नंदघर में राष्ट्रीय पोषण माह अंतर्गत हमारी आंगनवाडी हमारी जिम्मेदारी के तहत आंगन का उत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। संघ प्रदेश दादरा नगर हवेली और दमण-दीव के बच्चों में कुपोषण और महिलाओं में आयरन की कमी को खत्म करने के लिए संघ प्रदेशों के प्रशासक प्रफुल पटेल द्वारा शुरू किए गए जन आंदोलन के तहत चुने हुए जनप्रतिनिधियों, समाज सेवी संस्थाओं, अग्रणियों और उद्योगों को कुपोषित बच्चों को गोद लेकर उन्हें सुपोषित बनाने का अभियान चलाया जा रहा है। इसी कडी में आज दमणवाड़ा में आयोजित एक कार्यक्रम में चाइल्ड डेवलपमेंट प्रोजेक्ट ऑफिसर (सीडीपीओ) नम्रता परमार ने सरकार की विभिन्न सहयोगी योजनाओं और प्रशासन की सराहनीय कोशिशों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कुपोषण के खिलाफ मिलकर कोशिश करने पर भी जोर दिया। कचीगाम प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के इंचार्ज डॉक्टर ने भी आयरन की कमी को दूर करने के लिए जरूरी देखभाल और खाद्य पदार्थों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। इस कार्यक्रम के दौरान दमणवाडा जिला पंचायत सदस्य मुकेश गोसावी और दमणवाडा सरपंच कल्पना हलपति ने दमणवाडा पंचायत विस्तार के कुपोषित बच्चों को सुपोषित बनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर दमण जिला पंचायत अध्यक्ष धरम पटेल, जिला पंचायत सदस्य मुकेश गोसावी, दमणवाड़ा सरपंच कल्पना हलपति सहित आंगणवाड़ी सहायिका बहनें, गर्भवती एवं स्तनपान कराने वाली बहनें, शिशुओं की माताएं आदि उपस्थित रहीं।

