– भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की अतिरिक्त सचिव एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की मिशन निदेशक आराधना पटनायक ने नमो अस्पताल दमण, जु्प्रिरम आयुष्मान मंदिर, नरोली प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, नमो मेडिकल कॉलेज एवं नमो अस्पताल दादरा नगर हवेली का दौरा कर स्वास्थ्य सेवाओं, अधोसंरचना एवं मरीजों को प्रदान की जा रही सेवाओं का लिया जायजा
असली आजादी न्यूज नेटवर्क, सिलवासा/दमण 23 सितंबर। भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की अतिरिक्त सचिव एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की मिशन निदेशक आराधना पटनायक ने संघ प्रदेश दादरा नगर हवेली और दमण-दीव का दौरा किया। अपने दौरे के दौरान आराधना पटनायक ने संघ प्रदेश के प्रशासक प्रफुल पटेल से मुलाकात की तथा स्वास्थ्य क्षेत्र में संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति पर चर्चा की। आराधना पटनायक ने प्रशासक के सलाहकार से भी मुलाकात कर संघ प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित कार्यक्रमों तथा स्वास्थ्य अधोसंरचना के विकास से संबंधित विषयों पर चर्चा की। दौरे के दौरान आराधना पटनायक ने नमो अस्पताल दमण का निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पताल की विभिन्न प्रमुख गतिविधियों एवं स्वास्थ्य सेवाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। निरीक्षण के दौरान चिकित्सकीय अधोसंरचना, डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं, आभा कार्ड एवं ऑनलाइन ओपीडी, गैर-संचारी रोग स्क्रीनिंग, कैंसर स्क्रीनिंग, एनआईसीयू में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, नवजात शिशुओं के उपचार एवं देखभाल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया, अस्पताल की परिचालन व्यवस्थाओं, जिला प्रारंभिक हस्तक्षेप केंद्र की गतिविधियों तथा राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानकों, के अनुरूप व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। नमो अस्पताल के निरीक्षण के पश्चात जु्प्रिरम आयुष्मान आरोग्य मंदिर का भी दौरा किया। इस दौरान उन्होंने वहाँ कार्यरत सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी, एएनएम एवं आशा कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया तथा प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग एवं समुदाय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में चर्चा की। वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाओं, डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं तथा विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई। इसके बाद अतिरिक्त सचिव आराधना पटनायक ने समीक्षा बैठक की। बैठक में संघ प्रदेश के स्वास्थ्य सचिव एवं संयुक्त स्वास्थ्य सचिव और स्वास्थ्य अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में संघ प्रदेश में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति, स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, डिजिटल स्वास्थ्य पहल तथा प्राथमिक एवं द्वितीयक स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने से संबंधित विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। दमण के निरीक्षण पश्चात आराधना पटनायक ने दादरा नगर हवेली के नरोली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया तथा वहां सीएचओ एएनएम एवं आशा कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया एवं उपलब्ध प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं, मानव संसाधन, आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की समीक्षा की। दौरे के अंतिम चरण में उन्होंने नमो मेडिकल कॉलेज एवं नमो अस्पताल दादरा नगर हवेली का दौरा किया। इस दौरान संस्थान में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, अधोसंरचना, मरीजों को प्रदान की जा रही सेवाओं तथा विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली का निरीक्षण किया गया। इस व्यापक दौरे का मुख्य उद्देश्य संघ प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं की वर्तमान स्थिति का प्रत्यक्ष आकलन करना, स्वास्थ्य अधोसंरचना एवं सेवाओं को और सुदृढ़ करना, डिजिटल स्वास्थ्य पहलों के प्रभावी क्रियान्वयन को बढ़ावा देना तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी संचालन एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करना रहा।

