असली आजादी न्यूज नेटवर्क, दमण 14 सितंबर। दमण जिले के शहरी एवं ग्रामीण विस्तारों में गणेश चतुर्थी के अवसर पर विभिन्न पंडालों एवं घरों में विधि-विधान के साथ गणपति बप्पा की स्थापना की गई। गणपति बप्पा के आगमन को लेकर भक्तों में खासा उत्साह देखने को मिला। रंग-बिरंगी रोशनी, आकर्षक सजावट और भव्य पंडालों से शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों का वातावरण भक्तिमय हो गया। गणपति स्थापना के बाद श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर आरती की तथा परिवार की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली के साथ देश की तरक्की और सुख-शांति की कामना की। कई स्थानों पर भक्तों ने ढोल-नगाड़ों और भक्ति गीतों के साथ गणपति बप्पा का स्वागत किया। गणपति बप्पा के दर्शन करने के लिए दिनभर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। दमण जिले में 11 दिनों तक चलने वाले गणेश उत्सव को लेकर विभिन्न गणेश मंडलों द्वारा विशेष तैयारियां की गई हैं। इस दौरान बड़े गणेश मंडलों की ओर से धार्मिक अनुष्ठानों के साथ-साथ सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। भजन संध्या, आरती, प्रसाद वितरण तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम उत्सव का प्रमुख आकर्षण रहेंगे। गणेश उत्सव के दौरान श्रद्धालुओं में सेवा, भक्ति और सामाजिक एकता की भावना भी देखने को मिल रही है। आयोजकों द्वारा पंडालों में श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। पूरे जिले में गणपति बप्पा मोरया के जयघोष से उत्सव का माहौल बना हुआ है। जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा निर्देशों का गणेश मंडलों द्वारा पालन किया जा रहा है। वहीं पर्यावरण को ध्यान मंे रखते हुए गणपति बप्पा की प्रतिमाओं को स्थापित किया गया है।

