असली आजादी न्यूज नेटवर्क, दमण, 02 अगस्त। कचीगाम ग्राम पंचायत की सरपंच फाल्गुनी पटेल ने पंजाब नेशनल बैंक के सहयोग और प्रशासन के समन्वय से कचीगाम विस्तार के बाढ प्रभावित परिवारों को राशन किट प्रदान किया। हाल ही में दमण में हुई भारी बारिश के चलते अनेक विस्तारों में लोगों के घरों में पानी घुस गया था। कचीगाम पंचायत क्षेत्र में भी लोगों के घरों में पानी घुस जाने से लोगों को काफी नुकसान और दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कचीगाम की सरपंच फाल्गुनी पटेल ने संकट की घड़ी में अपने पंचायत क्षेत्र के बाढ प्रभावित परिवारों को राहत स्वरूप राशन किट पहुंचाकर उनकी सहायता की। इस अवसर पर पीएनबी के कर्मचारी भी मौजूद रहे। फाल्गुनी पटेल ने कहा कि संकट की हर घडी में सेवा और सहयोग ही हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। इस आपदा में प्रभावित लोगों को राहत सामग्री पहुंचाकर हम मानवता का कार्य कर रहे हैं। इस सेवा के कार्य में पीएनबी का सहयोग और प्रशासन का समन्वय मिला है।

