असली आजादी न्यूज नेटवर्क, सिलवासा, 02 अगस्त। मेरा युवा भारत युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान के अंतर्गत आज स्वामी विवेकानंद विद्यामंदिर झंडा चौक सिलवासा में जागरूकता एवं संकल्प कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा देशभर के युवाओं को किए गए वर्चुअल संबोधन से प्रतिभागियों को जोड़ा गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशीले पदार्थों के सेवन से दूर रहने के लिए प्रेरित करना तथा स्वस्थ, जिम्मेदार एवं नशा मुक्त जीवनशैली को बढ़ावा देना था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं, विद्यार्थियों एवं माय भारत स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर दानह जिला पंचायत अध्यक्षा निशा भावर, सिलवासा नगरपालिका अध्यक्ष सोमनाथ पाटील, प्रदेश भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष अवधेशसिंह चौहान, जिला शिक्षा अधिकारी बलवंत पाटील विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उपस्थित सभी युवाओं एवं प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से नशा मुक्ति शपथ ली और नशीले पदार्थों से स्वयं दूर रहने तथा समाज के अन्य युवाओं को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर अतिथियों ने युवाओं को संबोधित करते हुए नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक रहने तथा अपने परिवार, समाज और राष्ट्र के निर्माण में सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया। वक्ताओं ने कहा कि स्वस्थ एवं जागरूक युवा ही विकसित भारत के निर्माण की मजबूत आधारशिला हैं। नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत अभियान के अंतर्गत युवाओं की निरंतर सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए जागरूकता, खेल एवं फिटनेस, सांस्कृतिक गतिविधियों, ध्यान, सामुदायिक सहभागिता तथा विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। अभियान के माध्यम से युवाओं में नशे के विरुद्ध जागरूकता बढ़ाने और समाज में नशा मुक्त भारत का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

