asliazadi
दमण, दानह, दीव की खबरें

प्रदेश भाजपा ने दानह के 73वें मुक्ति दिवस पर किया ध्वजारोहण कार्यक्रम

असली आजादी न्यूज नेटवर्क, सिलवासा, 2 अगस्त।
दादरा नगर हवेली के 73वें मुक्ति दिवस के पावन अवसर पर संघ प्रदेश दादरा नगर हवेली और दमण-दीव प्रदेश भाजपा द्वारा सिलवासा स्थितर भाजपा कार्यालय “अटल भवन” पर आज सुबह 10:00 बजे ध्वजारोहण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेश आगरिया के करकमलों द्वारा राष्ट्रध्वज फहराया गया। इस अवसर पर उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया तथा स्वतंत्रता सेनानियों के अमूल्य बलिदान को श्रद्धापूर्वक नमन किया। अपने संबोधन में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेश आगरिया ने कहा कि, दादरा नगर हवेली का मुक्ति दिवस केवल इतिहास का एक महत्वपूर्ण अध्याय नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति, त्याग और जनशक्ति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस भूमि के वीर स्वतंत्रता सेनानियों ने विदेशी शासन से मुक्ति दिलाने के लिए अद्वितीय साहस का परिचय दिया, जिसके कारण आज हम स्वतंत्र वातावरण में विकास की नई ऊँचाइयों की ओर अग्रसर हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वे राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएँ तथा समाज और राष्ट्र के निर्माण में योगदान दें।
इस अवसर पर दादरा नगर हवेली की सांसद कलाबेन डेलकर ने अपने संबोधन में कहा कि, मुक्ति दिवस हमें अपने पूर्वजों के संघर्ष, बलिदान और राष्ट्र के प्रति समर्पण की याद दिलाता है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के नेतृत्व में दादरा नगर हवेली और दमण-दीव में अभूतपूर्व विकास कार्य हुए हैं, जिनका लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुँच रहा है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करने का आह्वान किया। इस कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश महामंत्री सुनील पाटिल, प्रदेश उपाध्यक्ष धर्मेश सिंह चौहान, भारती हलपति, प्रदेश सचिव द्वारिकानाथ पांडे, दादरा नगर हवेली जिला पंचायत की अध्यक्षा निशा भावर, सिलवासा नगरपालिका के अध्यक्ष सोमनाथ पाटिल, सिलवासा शहर जिला अध्यक्ष शांतू पुजारी, सिलवासा ग्रामीण जिला भाजपा अध्यक्ष दीपक प्रधान, प्रदेश युवा मोर्चा अध्यक्ष डॉ. अवधेश सिंह चौहान सहित सभी निर्वाचित जनप्रतिनिधिगण, प्रदेश एवं जिला पदाधिकारीगण तथा बड़ी संख्या में भाजपा के कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन वंदे मातरम् एवं भारत माता की जय के उद्घोष के साथ हुआ।

Related posts

मानव तस्करी विरोधी इकाई दमण ने लगभग 2 वर्ष से लापता नाबालिग को सकुशल खोजकर परिवार से मिलाया

Asli Azadi

2029 के लोकसभा चुनाव में Gen-Z होंगे किंगमेकर:युवा पीढी के वोट होंगे निर्णायक

Asli Azadi

प्रशासक प्रफुल पटेल से सिलवासा शहर जिला भाजपा की टीम ने की शुभेच्छा मुलाकात

Asli Azadi

Leave a Comment