– 3.71 लाख रूपये नकद, 2 कार और 13 मोबाइल फोन किये जप्त
असली आजादी न्यूज नेटवर्क, दमण, 10 जुलाई। दमण पुलिस ने क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस टीम ने भीमपोर स्थित एक गोदाम पर अचानक छापेमारी कर 16 जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में नकदी, मोबाइल फोन और गाड़ियां बरामद की हैं। पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, पुलिस द्वारा कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी बीच 10 जुलाई 2026 की मध्यरात्रि को कोस्टल पुलिस स्टेशन कडैया की टीम द्वारा भीमपोर, भंडारवाड़ स्थित एक गोदाम पर सूचना एवं संदेह के आधार पर विधिवत छापेमारी की गयी। छापेमारी के दौरान गोदाम के भीतर 16 लोग ताश के पत्तों के माध्यम से रूपये-पैसों का हार-जीत का अवैध जुआ खेलते हुए रंगेहाथ पकडे गए। पुलिस ने पंचों की उपस्थिति में सभी आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के पास से 3,71,020 रुपये नकद, 13 मोबाइल फोन, 02 मारुति सुजुकी अर्टिगा कार सहित ताश के पत्तों के 02 पैकेट, 109 खुले पत्ते और जुआ खेलने में प्रयुक्त अन्य सामान जप्त किया है। पुलिस ने इस संबंध में सभी आरोपियों के खिलाफ कोस्टल पुलिस स्टेशन कडैया में अपराध क्रमांक 15/2026 के तहत जीडीडीपी गैम्बलिंग एक्ट, 1976 की धारा 3, 4, और 7 तथा बीएनएस एक्ट, 2023 की धारा 112 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू की है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में इम्तियाज मुस्तफा शेख (उम्र 60 वर्ष, निवासी- सेमचल, वलसाड), उमंग बलवंत भंडारी (उम्र 36 वर्ष, निवासी- बुहारी, तापी), अंजल गफूर शेख (उम्र 45 वर्ष, निवासी- बुहारी, तापी), इमरान गुलाब मुल्तानी (उम्र 46 वर्ष, निवासी- सेमचल, वलसाड), मोहफीज इम्तियाज शेख (उम्र 28 वर्ष, निवासी- सेमचल, वलसाड), सुरेश अंबालाल पटेल (उम्र 54 वर्ष, निवासी- चिखली, वलसाड), इम्तियाज अब्दुल रज्जाक खान पठान (उम्र 36 वर्ष, निवासी- चिखली, नवसारी), वसीम नाजिम मोहम्मद शेख (उम्र 40 वर्ष, निवासी- फोर्ट एरिया, मोटी दमण), दिनेश बुधा पटेल (उम्र 65 वर्ष, निवासी- वंकाल, नवसारी), प्रकाश दाजी पटेल (उम्र 45 वर्ष, निवासी- डूंगरा, वलसाड), राकेश प्रवीण पटेल (उम्र 45 वर्ष, निवासी- बुहारी, तापी), निमेश सोमा पटेल (उम्र 58 वर्ष, निवासी- गोजारिया, मेहसाणा), मौसीन इम्तियाज शेख (उम्र 34 वर्ष, निवासी- सेमचल, वलसाड), गुलाम हुसैन सैयद शेख (उम्र 59 वर्ष, निवासी- वलसाड), धर्मेश मनु पटेल (उम्र 52 वर्ष, निवासी- नवसारी) और सईदखान अब्दुल रज्जाक पठान (उम्र 50 वर्ष, निवासी- चिखली, नवसारी) शामिल है। पुलिस जांच में सामने आया है कि पकड़े गए आरोपियों में से इम्तियाज मुस्तफा शेख आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ कोस्टल पुलिस स्टेशन कडैया और नानी दमण पुलिस स्टेशन में वर्ष 2018, 2021 और अन्य समय में ह्यजीडीडीपी गैंबलिंग एक्टह्ण के तहत पहले भी तीन मामले दर्ज हो चुके हैं। दमण पुलिस ने जनता से अपील की है कि जुआ, सट्टा एवं अन्य अवैध गतिविधियों से दूर रहे। इस प्रकार के अपराध समाज में कानून व्यवस्था एवं सामाजिक वातावरण को प्रभावित करते हैं। यदि किसी क्षेत्र में अवैध जुआ, सट्टा अथवा अन्य गैरकानूनी गतिविधि की जानकारी हो तो तत्काल निकटतम पुलिस थाने को सूचना दें।

