– दीव और गुजरात के माछीमारों ने गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल से की मुलाकात
असली आजादी न्यूज नेटवर्क, दीव/गांधीनगर 29 अक्टूबर। दीव और गुजरात के माछीमार प्रतिनिधि मंडल ने गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल से मुलाकात कर पाकिस्तान की जेलों में बंद भारतीय मछुआरों को जल्द से जल्द रिहा कराने की गुहार लगाई। इस अवसर पर माछीमार प्रतिनिधि मंडल ने मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल को ज्ञापन भी सौंपा है। मुख्यमंत्री को सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया है कि गिर सोमनाथ, जूनागढ़, अमरेली, पोरबंदर, देवभूमि द्वारका और केंद्र शासित प्रदेश दीव सहित अन्य राज्यों के सैकड़ों मछुआरे गुजरात के पोरबंदर तथा ओखा एवं वेरावल बंदरगाह की बोट में समुद्र में मछली पकड़ने के दौरान भारत-पाकिस्तान समुद्री सीमा पर से पाकिस्तान मरीन सिक्योरिटी एजेंसी द्वारा उन्हें अवैध सीमा उल्लंघन के आरोप में पकड़कर कराची की जेलों में बंद किया गया है। आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2021 से अब तक लगभग 198 से अधिक मछुआरे पाकिस्तान की जेलों में कैद हैं, जिनमें से 144 मछुआरे अकेले गुजरात के रहने वाले हैं। इन मछुआरों को जल्द से जल्द रिहा कराने के लिए भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के समक्ष मांग रखने की प्रतिनिधि मंडल ने गुहार लगाई। पाकिस्तान की जेल में लंबे समय से कैद होने के कारण कई मछुआरे गंभीर रूप से बीमार और मानसिक रूप से परेशान हैं। साथ ही 178 मछुआरों की सजा भी पूरी हो चुकी है। दोनों देशों के बीच वेरिफिकेशन भी हो गया है। ऐसे में इन मछुआरों को जल्द से जल्द रिहा कराया जाए। पकडे गये मछुआरे अपने परिवारों के एकमात्र कमाने वाले सदस्य हैं, इसलिए उनके पीछे उनके परिजनों को भारी आर्थिक और मानसिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन के माध्यम से मुख्यमंत्री से अनुरोध किया गया है कि वे इस संवेदनशील विषय पर संज्ञान लें और भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के स्तर पर इस मामले को उ-ाकर सभी पीड़ित मछुआरों की जल्द से जल्द वतन वापसी सुनिश्चित कराएं। मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान दीपा बांभणिया (गीर सोमनाथ), छगन सोमा बामणिया (दीव), जिज्ञेशकुमार परबत रा-ोड (खाण, गीर सोमनाथ), मंजुला मोहन बारैया (कोटडा, गीर सोमनाथ), परबत पोलाभाई शींगड (लेरका, गीर सोमनाथ), भावना महेश सोलंकी (लेरका, गीर सोमनाथ) एवं भानुबेन बीजलभाई भालिया (कोब, गीर सोमनाथ) मौजूद रहे।

