asliazadi
दमण, दानह, दीव की खबरें

दानह के खडोली में भाजपाईयों ने सुनी पीएम मोदी के मन की बात: प्रदेश भाजपा प्रभारी वर्षा दोशी की रही विशेष उपस्थिति

असली आजादी न्यूज नेटवर्क, सिलवासा 25 अक्टूबर। देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम मन की बात के 139वें संस्करण का आज प्रसारण हुआ। इस अवसर पर संघ प्रदेश थ्रीडी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेश आगरिया के नेतृत्व में खानवेल जिला अंतर्गत खडोली मंडल में इस कार्यक्रम के जीवंत प्रसारण से जुड़ते हुए कार्यक्रम को समूह में सुनने और देखने का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्षा एवं संघ प्रदेश थ्रीडी भाजपा प्रभारी वर्षा दोशी की विशेष अतिथि के रूप में उपस्थिति रही। उनके साथ पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री जी के विचारों को सुना और उनके द्वारा साझा किए गए प्रेरणादायी प्रसंगों से जुड़ने का अवसर प्राप्त किया। मन की बात में प्रधानमंत्री जी ने कई प्रमुख विषयों पर फोकस किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में भारतीय संस्कृति, राष्ट्रीय एकता, स्वास्थ्य सेवाओं, स्वदेशी उत्पादों, कृषि और पर्यावरण संरक्षण सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर प्रकाश डाला। उन्होंने महर्षि वाल्मीकि द्वारा रचित रामायण के जीवनोपयोगी संदेशों, आदर्शों और पीढि़यों को प्रेरित करने वाली सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख किया। रन फॉर यूनिटी के माध्यम से देश की एकता को मजबूत करने और राष्ट्र के प्रति अपने संकल्प को दोहराने का संदेश दिया। पूर्वोत्तर भारत में मोटे अनाज की खेती की परंपरा के पुनरुत्थान तथा पारंपरिक कृषि ज्ञान के साथ आधुनिक नवाचारों के समन्वय पर चर्चा की। फाइबर ऑप्टिक्स के क्षेत्र में अग्रणी योगदान देने वाले डॉ. नरेंद्र सिंह कपानी को याद करते हुए आधुनिक संचार और डिजिटल दुनिया में उनके योगदान का उल्लेख किया। देशभर में लगभग 1.90 लाख आयुष्मान आरोग्य मंदिरों की भूमिका, ई-संजीवनी टेलीमेडिसिन सेवा और अंगदान के माध्यम से जीवन बचाने के महत्व पर प्रकाश डाला। त्योहारों के दौरान स्थानीय कारीगरों के उत्पाद खरीदने, भारत की पारंपरिक हस्तकलाओं को प्रोत्साहित करने और खादी को अपनाने का संदेश दिया। उत्तराखंड में हेवल नदी को पुनर्जीवित करने के लिए सामुदायिक प्रयासों की प्रेरणादायी कहानी साझा की। पंजाब में खेती विरासत मिशन के प्रयासों के माध्यम से जैविक खेती, पारंपरिक कृषि पद्धतियों, महिलाओं के कौशल विकास और बुनाई प्रशिक्षण को प्रोत्साहित करने की पहल का उल्लेख किया। प्रधानमंत्री जी के संबोधन में साझा किए गए ये प्रसंग भारतीय परंपराओं के संरक्षण, आधुनिक तकनीक के सदुपयोग, स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन, सामाजिक सहभागिता और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी जैसे विषयों की महत्ता को रेखांकित करते हैं। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश महामंत्री सुनील पाटिल एवं जिग्नेश पटेल, प्रदेश उपाध्यक्ष धर्मेश सिंह चौहान, दादरा नगर हवेली जिला पंचायत की अध्यक्षा निशाबेन भावर, प्रदेश अनुसूचित जनजाति मोर्चा के अध्यक्ष रमेश कड़ू, खानवेल जिला भाजपा अध्यक्ष सनी भीमरा, सरपंच संजय राउत सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related posts

दादरा नगर हवेली और दमण-दीव को विधानसभा का दर्जा दिया जाए: राज्यसभा में शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत की जोरदार मांग

Asli Azadi

पीएम मोदी की प्रस्तावित संघ प्रदेश थ्रीडी यात्रा को लेकर प्रशासक प्रफुल पटेल सिलवासा में आज करेंगे जनसंवाद

Asli Azadi

दमण के युवा माछीमार गौरांग टंडेल ने मछुआरों के लिए डॉकयार्ड सुविधा शीघ्र उपलब्ध कराने की उठाई मांग

Asli Azadi

Leave a Comment