asliazadi
दमण, दानह, दीव की खबरें

ग्राम सभा केवल औपचारिकता और फोटोग्राफी का कार्यक्रम न बने, जनता की आवाज और जवाबदेही का सशक्त मंच बने: सांसद उमेश पटेल

असली आजादी न्यूज नेटवर्क, दीव 02 अक्टूबर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की जयंती के अवसर पर आज संसदीय क्षेत्र दीव की विभिन्न ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया। सांसद उमेश पटेल ने वणाकबारा, साउदवाड़ी एवं झोलावाड़ी सहित चार ग्राम पंचायतों की ग्राम सभाओं में उपस्थित रहकर स्थानीय नागरिकों से सीधा संवाद किया तथा उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं और विकास से जुड़े मुद्दों को सुना। सांसद उमेश पटेल ने कहा कि महात्मा गांधी के ग्राम स्वराज की भावना में ग्राम सभा लोकतंत्र की सबसे महत्वपूर्ण जमीनी संस्थाओं में से एक है। ग्राम सभा का उद्देश्य केवल बैठक आयोजित कर औपचारिकता पूरी करना नहीं, बल्कि गांव की जनता को अपनी समस्याएं रखने, विकास कार्यों की समीक्षा करने, प्राथमिकताएं तय करने और पंचायत एवं प्रशासन से जवाब मांगने का प्रभावी मंच उपलब्ध कराना है। उन्होंने आज आयोजित ग्राम सभाओं की कार्यप्रणाली पर असंतोष व्यक्त करते हुए कहा कि कुछ स्थानों पर ऐसा महसूस हुआ कि ग्राम सभा के वास्तविक उद्देश्य की अपेक्षा औपचारिकता और फोटोग्राफी पर अधिक जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ग्राम सभा के महान संकल्प का सर्वनाश करने वाले औपचारिक कार्यक्रम नहीं होने चाहिए। ग्राम सभा गांव की जनता की संसद है। यहां फोटो से ज्यादा जनता की समस्याओं, उनके समाधान और प्रशासन की जवाबदेही पर चर्चा होनी चाहिए। सांसद उमेश पटेल ने संबंधित ग्राम पंचायतों और प्रशासन के समक्ष कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए। इनमें विशेष रूप से दीव के कोस्टल विलेज से संबंधित लंबित निर्णय का मुद्दा उठाते हुए पूछा गया कि इस महत्वपूर्ण विषय पर अभी तक स्पष्ट निर्णय क्यों नहीं लिया जा रहा है और इसमें हो रही देरी का कारण क्या है। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायतों की स्वच्छता एवं स्थानीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक पंचायत को ट्रैक्टर के साथ वैक्यूम मशीन उपलब्ध कराने हेतु पहले ही पत्र दिया गया है। ग्राम सभाओं में उन्होंने पंचायतों से स्पष्ट रूप से पूछा कि यदि इन संसाधनों की आवश्यकता है तो प्रस्ताव एवं आवश्यक प्रक्रिया को आगे क्यों नहीं बढ़ाया जा रहा है और यदि आवश्यकता नहीं है तो उसका कारण स्पष्ट किया जाए। इसी प्रकार स्थानीय व्यवस्था और पारदर्शिता के लिए वजन कांटा स्थापित करने का विषय भी पहले पत्र के माध्यम से उठाया जा चुका है। सांसद ने इस प्रस्ताव की वर्तमान स्थिति और उस पर की गई कार्रवाई की जानकारी मांगी। सांसद उमेश पटेल ने ग्राम सभाओं में अपने सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना (एमपीलाड्स) के माध्यम से दीव में उपलब्ध कराई जा रही जनसुविधाओं की जानकारी भी जनता के समक्ष रखी। दीव की जनता की सुविधा के लिए दो बसें जनसेवा को समर्पित की जा चुकी हैं। स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के क्रम में एक नई एम्बुलेंस आज दीव पहुंच चुकी है तथा दूसरी एम्बुलेंस भी शीघ्र उपलब्ध होने वाली है। इसके अतिरिक्त नागरिकों, विशेषकर युवाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य और फिटनेस को ध्यान में रखते हुए दो ओपन जिम भी स्थापित करवाए गए हैं। सांसद उमेश पटेल ने कहा कि इन कार्यों का उद्देश्य केवल परिसंपत्तियां उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि गांवों में ऐसी स्थायी सुविधाएं विकसित करना है जिनका लाभ सीधे आम जनता को मिले। उमेश पटेल ने कहा कि ग्राम सभा में जनता द्वारा उठाई गई समस्याएं केवल बैठक की कार्यवाही या रजिस्टर तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। ग्राम सभा में उठे प्रत्येक महत्वपूर्ण मुद्दे पर क्या निर्णय लिया गया, कौन-सा विभाग जिम्मेदार है, कार्रवाई कब तक होगी और अगली ग्राम सभा तक कितनी प्रगति हुई-इसकी स्पष्ट जवाबदेही तय होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आज चारों ग्राम सभाओं में उपस्थित रहने का सबसे महत्वपूर्ण उद्देश्य जनता के बीच जाकर उनकी बात सीधे सुनना था। सांसद के रूप में वे जनता से प्राप्त प्रत्येक महत्वपूर्ण समस्या को संबंधित पंचायत, प्रशासन तथा आवश्यकता पड़ने पर केंद्र सरकार के संबंधित मंत्रालय तक पहुंचाकर उसके समाधान का प्रयास करेंगे। महात्मा गांधी जी की जयंती पर उमेश पटेल ने कहा कि गांधी जी के ग्राम स्वराज का वास्तविक सम्मान तभी होगा, जब ग्राम सभा को केवल औपचारिक कार्यक्रम न मानकर जनता की भागीदारी, अधिकार, विकास और जवाबदेही का वास्तविक मंच बनाया जाए।

Related posts

सालाना फ्रेंडशिप सेरेमनी के साथ-साथ श्री लेउआ पटेल चैरिटेबल ट्रस्ट ने किया महिला प्रेरणा उत्सव का आयोजन

Asli Azadi

दमण के श्रीनाथजी स्कूल का एचएससी परीक्षा में शानदार रिजल्ट

Asli Azadi

सरकारी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मोटी दमण में एसएमसी कमेटी का हुआ गठन

Asli Azadi

Leave a Comment