– प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल मार्गदर्शन तथा प्रशासक प्रफुल पटेल के नेतृत्व में दादरा नगर हवेली विकास की दिशा में निरंतर अग्रसर है: आनंदीबेन पटेल – राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने नमो मेडिकल अस्पताल में उपलब्ध उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सुविधाओं को अवलोकन करते हुए प्रशासक प्रफुल पटेल के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह अस्पताल अंतर्राष्ट्ीय स्तर की सुविधाओं एवं मानकों के अनुरूप विकसित किया गया है – उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने झंड चौक स्थित स्वामी विकानंद विद्या मंदिर स्कूल में विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं का किया निरीक्षण: विद्यार्थियों एवं शिक्षकों से संवाद कर विद्यालय की शिक्षा व्यवस्था के बारे में प्राप्त की जानकारी – राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने सायली स्थित आंगनवाडी केन्द्र का दौरा कर नन्हें बच्चों को प्रदान की जा रही शिक्षा एवं पोषण तथा देखभाल व्यवस्थाओं का किया अवलोकन, बच्चों को वितरित किया फ्रूट किट
असली आजादी न्यूज नेटवर्क, सिलवासा 24 अगस्त। संघ प्रदेश दादरा नगर हवेली और दमण-दीव की मेहमान बनीं उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी पटेल ने 24 अगस्त 2026 को दादरा नगर हवेली का दौरा किया। इस दौरान उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने नमो मेडिकल हॉस्पिटल, नमो मेडिकल कॉलेज, स्वामी विवेकानंद विद्यामंदिर स्कूल झंडा चौक तथा सायली स्थित आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों से विभिन्न व्यवस्थाओं एवं कार्यों की जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर संघ प्रदेशों के प्रशासक प्रफुल पटेल भी मौजूद रहे। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने सर्वप्रथम नमो मेडिकल हॉस्पिटल का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, आधुनिक चिकित्सा उपकरणों, मरीजों को प्रदान की जा रही सुविधाओं तथा विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल प्रशासन एवं चिकित्सकों से स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के संबंध में चर्चा की। अस्पताल में उपलब्ध उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सुविधाओं का अवलोकन करते हुए उन्होंने प्रशासक प्रफुल पटेल के प्रयासों की सराहना की और कहा कि यह अस्पताल अंतर्राष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं एवं मानकों के अनुरूप विकसित किया गया है। इसके पश्चात राज्यपाल ने झंडा चौक स्थित स्वामी विवेकानंद विद्यामंदिर स्कूल का दौरा किया। विद्यालय में लगभग 12,000 विद्यार्थियों को शिक्षा प्रदान की जा रही है। उन्होंने विद्यालय परिसर, कक्षाओं तथा विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं का निरीक्षण किया। साथ ही विद्यार्थियों एवं शिक्षकों से संवाद कर विद्यालय की शिक्षा व्यवस्था के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों, अनुशासन एवं संस्कारों के महत्व के प्रति प्रेरित किया। इस अवसर पर राज्यपाल द्वारा विद्यार्थियों को पुस्तकों एवं चॉकलेट का वितरण भी किया गया। इसके पश्चात राज्यपाल ने नमो मेडिकल कॉलेज का दौरा किया। उन्होंने कॉलेज में उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं, प्रयोगशालाओं, प्रशिक्षण व्यवस्थाओं तथा विद्यार्थियों को प्रदान की जा रही चिकित्सा शिक्षा के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में उपलब्ध संसाधनों एवं व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया। इसके बाद राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने सायली स्थित आंगनवाड़ी केंद्र का दौरा किया। उन्होंने वहां उपस्थित नन्हे बच्चों को प्रदान की जा रही शिक्षा, पोषण एवं देखभाल की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया और उनकी सराहना की। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों को फ्रूट किट का वितरण भी किया। इस अवसर पर प्रशासन के विभिन्न विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने प्रशासक प्रफुल पटेल के मार्गदर्शन में पिछले 10 वर्षों के दौरान किए गए विकास कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल मार्गदर्शन तथा प्रशासक प्रफुल पटेल के नेतृत्व में दादरा नगर हवेली विकास की दिशा में निरंतर अग्रसर है। उन्होंने क्षेत्र में स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास तथा अन्य क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों की भी प्रशंसा की।

