asliazadi
दमण, दानह, दीव की खबरेंदेश

उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने दानह एवं दमण में विकास कार्यों का किया अवलोकन

असली आजादी न्यूज नेटवर्क, दमण 24 अगस्त। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल इन दिनों मॉनसून फेस्टिवल 2026 के तहत संघ प्रदेश दादरा नगर हवेली और दमण-दीव के आधिकारिक दौरे पर हैं। अपने दौरे के दौरान उन्होंने सोमवार को संघ प्रदेश में प्रशासक प्रफुल पटेल के सक्षम नेतृत्व में किए जा रहे विभिन्न विकास कार्यों और जनकल्याणकारी पहलों का अवलोकन किया। इस दौरान प्रशासक प्रफुल पटेल भी मौजूद थे। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने दिन के पूर्वाह्न सत्र में सिलवासा में विभिन्न महत्वपूर्ण विकास एवं सामाजिक संस्थानों का दौरा किया। उन्होंने नमो अस्पताल, स्वामी विवेकानंद विद्या मंदिर, बालदेवी आंगनवाड़ी तथा नमो मेडिकल कॉलेज सिलवासा का निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य, शिक्षा एवं जनकल्याणकारी सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने संघ प्रदेश में आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा महिला एवं बाल विकास के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। दौरे के अपराह्न सत्र में माननीय राज्यपाल ने दमण के एवियरी, जंपोर सी फ्रंट तथा गवर्नमेंट इंजीनियरिंग कॉलेज का भ्रमण किया। उन्होंने इन स्थलों पर विकसित की गई आधुनिक सुविधाओं, पर्यटन अवसंरचना, प्राकृतिक एवं मनोरंजक स्थलों तथा युवाओं के लिए उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं का अवलोकन किया। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने संघ प्रदेश में पिछले कुछ वर्षों के दौरान हुए व्यापक विकास कार्यों को देखा और विभिन्न क्षेत्रों में किए जा रहे परिवर्तन की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन, महिला एवं बाल विकास तथा युवा-केंद्रित पहलों के माध्यम से आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयासों की सराहना की। यह उल्लेखनीय है कि राज्यपाल आनंदीबेन पटेल मॉनसून फेस्टिवल 2026 के अवसर पर संघ प्रदेश दादरा नगर हवेली और दमण एवं दीव के आधिकारिक दौरे पर हैं। उनके दौरे का उद्देश्य मॉनसून फेस्टिवल में सहभागिता के साथ-साथ संघ प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों और विभिन्न जनकल्याणकारी पहलों को प्रत्यक्ष रूप से देखना भी है। माननीय राज्यपाल के दौरे के दौरान संघ प्रदेश की विकास यात्रा, समृद्ध पर्यटन संभावनाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं की एक व्यापक तस्वीर सामने आई, जो प्रशासक प्रफुल पटेल के नेतृत्व में दादरा नगर हवेली और दमण-दीव को आधुनिक, विकसित एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में किए जा रहे निरंतर प्रयासों को दर्शाती है।

 

Related posts

जिला कलेक्टर ने दमण के उद्योगों को भूजल संरक्षण और विनियमन संबंधी आदेश किया जारी

Asli Azadi

पेपर लीक रोकने और वंदे मातरम् के सम्मान से जुड़े कानून संसद में ध्वनिमत से पारित

Asli Azadi

दमण नगरपालिका ने शहरी विस्तार के नागरिकों के लिए लगाया विशेष सेवा शिविर

Asli Azadi

Leave a Comment