asliazadi
दमन, दानह, दीव की खबरें

पीएम मोदी की संघ प्रदेश थ्रीडी के विकास मॉडल पर मुहर: प्रशासक प्रफुल पटेल एवं टीम की फिर एक बार की सराहना

असली आजादी न्यूज नेटवर्क, दमण 07 जून। संघ प्रदेश दादरा नगर हवेली और दमण-दीव में विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करने के लिए 5 जून को दमण पधारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक बार फिर संघ प्रदेश प्रशासक प्रफुल पटेल और उनके शासन व्यवस्था की खुले मंच से तारीफ की। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने केन्द्र शासित प्रदेशों की प्रशासनिक प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए दमण, दीव और दादरा नगर हवेली में प्रभावी रूप से लागू किए जा रहे सुशासन मॉडल की सराहना की। मुझे कई बार दमण और दीव आने का अवसर मिला है। दादरा और नगर हवेली भी आता रहता हूं और जब मैं मुख्यमंत्री या प्रधानमंत्री नहीं था, तब तो बहुत बार आता था। लेकिन अब जब मैं यहां आता हूं और यहां के सुशासन को देखकर, गवर्नेंस मॉडल को देखकर बहुत अच्छा लगता है। हर बार मुझे लगता है कि पिछली बार के मुकाबले यह क्षेत्र विकास की राह पर मीलों आगे बढ़ गया है। निरंतर प्रशासनिक प्रयासों की सराहना करते हुए, उन्होंने युवाओं के लिए आधुनिक सुविधाएं और नए अवसर सुलभ कराने के लिए दमण के नेतृत्व की सराहना की। पीएम मोदी ने जोर देकर कहा कि ये विकास कार्य लोगों के जीवन को बेहद आसान बनाएंगे और युवाओं के लिए नए रास्ते सफलतापूर्वक तैयार करेंगे। पीएम मोदी ने कहा कि स्वास्थ्य, विमानन, पर्यटन और बुनियादी ढांचे से जुड़ी परियोजनाओं की शुरुआत के साथ दमण के विकास को एक नई गति मिली है, ये पहल केन्द्रशासित प्रदेश के लोगों का जीवन बदल देगी। दादरा नगर हवेली, दमण और दीव, यह संघ शासित प्रदेश होने के साथ ही भारत की पहचान और विरासत भी हैं। इसलिए, इसके विकास के लिए हमारे लक्ष्य भी साधारण नहीं हैं। मुझे याद है, जब मैं पिछले साल सिलवासा आया था तब मैंने आपको सिंगापुर का उदाहरण दिया था। मैंने कहा था कि एक समय सिंगापुर मछुआरों का छोटा सा गांव था। लेकिन, सिंगापुर के लोगों ने एक सपना देखा, वहां के लोगों ने बड़ा लक्ष्य तय किया और आज वही सिंगापुर दुनिया का सबसे बड़ा बिजनेस हब बन चुका है। आज दादरा और नगर हवेली, दमण और दीव भी वही सपना देख रहे हैं। ये नमो एयरपोर्ट, दमणगंगा नदी पर बनने वाला आइकॉनिक ब्रिज, बीच फ्रंट उस पर बनने वाला कन्वेंशन सेंटर, ऐसे सभी इनफ्रास्ट्रक्चर के जरिए हम भविष्य के बड़े संकल्पों की नींव रख रहे हैं। इन प्रोजेक्ट्स के जरिए आप लोगों की आवाजाही आसान होगी। यहाँ बिज़नेस के लिए नई संभावनाएं बनेंगी। दमण के दोनों किनारों पर विकास की गति और तेज होगी। दादरा और नगर हवेली, दमण और दीव ने दशकों से विकास के सपने देखे थे। जो सपने पहले देखे, वो पीढि़यां तो चली गईं। लेकिन आज जो पीढ़ी है, वो अपनी आंखों के सामने देख रही है कि उनके मां-बाप, दादा-दादी जो सपने देखते थे, वो आज सपने पूरे होते हुए आप अपनी आंखों से देख रहे हैं। आज भी यहां कनेक्टिविटी, हेल्थ, एजूकेशन, टूरिज्­म और अर्बन इंफ्रास्ट्रक्चर इन से जुड़ी अनेक परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास हुआ है। विकास के यह काम दमण और पूरी यूनियन टेरिटरी के लिए यहां के लोगों के जीवन को आसान बनाएंगे। इनसे युवाओं के लिए नए अवसर तैयार होंगे। इन कामों के पीछे प्रफुल भाई पटेल की दृष्टि, उनकी और उनकी टीम की मेहनत साफ-साफ नजर आती है। मैं इसके लिए भी प्रफुल भाई और उनकी पूरी टीम की सराहना करता हूं। मैं लक्षद्वीप के लोगों को और दादरा-नगर हवेली के लोगों को अनेक-अनेक शुभकामनाएं देता हूं, आप सबको बधाई देता हूं। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्ष 2016 में गुजरात राज्य में अपने साथी गृह मंत्री रहे प्रफुल पटेल को संघ प्रदेश दादरा नगर हवेली और दमण-दीव की कमान सौंपी थी। बताया जाता है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रफुल पटेल को स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन, इंफ्रास्ट्रक्चर, मजबूत शासन और सुदृढ कानून व्यवस्था, औद्योगिक शांति और सुरक्षा सहित अनेक टास्क के साथ मॉडल प्रदेश बनाने का चुनौतीपूर्ण जिम्मेदारी दी थी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सीधे मार्गदर्शन में प्रशासक प्रफुल पटेल ने सभी टास्क को न सिर्फ सफलतापूर्वक पूरा किया बल्कि संघ प्रदेश दादरा नगर हवेली और दमण-दीव को आधुनिक सुविधाओं के साथ मॉडल प्रदेश की श्रेणी में सबसे पहले पहुंचाकर पूरे देश का ध्यान इस ओर खींचा है। पिछले 10 सालों में पीएम मोदी के ऐसे तो संघ प्रदेश दादरा नगर हवेली और दमण-दीव में 8 दौरे हुए हैं लेकिन विधिवत शिलान्यास एवं लोकार्पण के लिए 7 बार प्रधानमंत्री संघ प्रदेश मंे पधारे हैं। सातों सार्वजनिक कार्यक्रमों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस संघ प्रदेश की कायापलट के प्रारंभ से लेकर कायापलट होने पर प्रशासक प्रफुल पटेल और उनकी टीम तथा उनके शासन व्यवस्था की दिल से तारीफ की है। विश्व का सबसे लोकप्रिय नेता ऐसे ही किसी की तारीफ नहीं करते हैं। ऐसे नेता प्रदेश में हुए बदलाव को ग्राउंड जीरो पर अपनी आंखों से देखने के बाद ही पीठ थपथपाते हैं। इस मुकाम को हासिल करने के लिए प्रशासक प्रफुल पटेल और उनकी टीम ने दिन-रात अथक परिश्रम किया है। शनिवार-रविवार जैसे सरकारी छुट्टी के दिन भी प्रशासक प्रफुल पटेल ने प्रशासनिक टीम के साथ लगातार ग्राउंड जीरो पर काम किया है। प्रधानमंत्री ने संघ प्रदेश के विकास, शासन व्यवस्था और मॉडल प्रदेश की दहलीज पर कदम रखने पर जो प्रशंसा की है यह प्रशासक प्रफुल पटेल और उनकी टीम के कामों पर मुहर है।

Related posts

केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में नई दिल्ली में द्वीप विकास एजेंसी (आईडीए) की हुई सातवीं बैठक

Asli Azadi

पीएम मोदी के संघ प्रदेश थ्रीडी दौरे की तैयारियां जोरों पर: प्रशासक प्रफुल पटेल के नेतृत्व में महा-मंथन

Asli Azadi

दादरा नगर हवेली और दमण-दीव को विधानसभा का दर्जा दिया जाए: राज्यसभा में शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत की जोरदार मांग

Asli Azadi

Leave a Comment