असली आजादी न्यूज नेटवर्क,सिलवासा 23 अक्टूबर। दादरा पंचायत विस्तार में राम मंदिर के पीछे एक वाड़ी में कथित तौर पर चल रहे जुए के अड्डे पर दानह एसपी के मार्गदर्शन में सिलवासा पुलिस थाना के इंचार्ज विशाल पटेल एवं उनकी टीम ने आधी रात को छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस की इस कार्रवाई से जुआ खेलने वालों में हड़कंप मच गया। मिली जानकारी के अनुसार दादरा पंचायत विस्तार में राम मंदिर के पीछे एक वाड़ी में जुआ खेले जाने की सूचना पुलिस को मिली थी। इसके बाद 22 अक्टूबर की आधी रात को पुलिस की टीम ने बताए गए स्थान पर छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने मौके से 97 हजार रुपये नकद, ताश की गड्डियां और मोबाइल फोन जब्त किए। साथ ही पुलिस ने मौके से कुल 9 लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए लोगों में गौरव मिश्रा, सिराज राधनपुरा, राजू बैटरी, गजानन पवार, संतोष और नासिर समेत अन्य तीन लोग शामिल हैं। इस कार्रवाई के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है। पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध जुआ गतिविधियों के खिलाफ एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। फिलहाल एसपी सचिन यादव के मार्गदर्शन में पीएसआई विशाल पटेल द्वारा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। अब देखना होगा कि पुलिस की जांच में इस कथित जुए के अड्डे से जुड़े और कौन-कौन से तथ्य सामने आते हैं।

