असली आजादी न्यूज नेटवर्क, दमण 12 अक्टूबर। दमण के दिलीपनगर डेवलपमेंट एसोसिएशन की ओर से पिछले कई वर्षों से दिलीपनगर ग्राउंड में भव्य नवरात्रि महोत्सव का आयोजन किया जाता है। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी दिलीपनगर ग्राउंड पर धूमधाम एवं उत्साहपूर्वक नवरात्रि महोत्सव मनया जा रहा है। 11 अक्टूबर से नवरात्रि महोत्सव का शुभारंभ हुआ है। दिलीपनगर डेवलपमेंट एसोसिएशन के चेयरमैन लखम टंडेल ने आज देर शाम अंबे माता की आरती उतारकर पारंपरिक रूप से गरबा का शुभारंभ कराया। इस अवसर पर डीडीए और डीएमएम के पदाधिकारियों और अन्य महानुभावों की उपस्थिति रही। नवरात्रि महोत्सव के शुभारंभ के बाद डीजे की ताल पर खेलैयाओं ने दिलीपनगर ग्राउंड पर गरबा खेलने का आनंद लिया। डीडीए की ओर से प्रतिदिन विभिन्न कैटेगरी में बेहतरीन रास-गरबा का प्रदर्शन करने वाले खेलैयाओं को आकर्षक पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाता है। डीडीए के नवरात्रि महोत्सव को सफल बनाने के लिए डीडीए और डीएमएम की टीम पूरे जोर-शोर से जुटी हुई है। उल्लेखनीय है कि दमण की सबसे पोश सोसायटी दिलीपनगर डेवलपमेंट द्वारा दमण की जनता को आनंद एवं मनोरंजन के लिए बडे पैमाने पर नवरात्रि महोत्सव का आयोजन हर वर्ष किया जाता है। जिसमें दमण एवं आस-पास के क्षेत्रों के गरबा खेलैया पहुंचकर रास-गरबा का आनंद लेते है।

