असली आजादी न्यूज नेटवर्क, दमण 07 अक्टूबर। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदशर्न और संघ प्रदेश दादरा नगर हवेली और दमण-दीव के प्रशासक प्रफुल पटेल के कुशल नेतृत्व में सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत स्वच्छ, सुरक्षित एवं सतत तटीय पर्यावरण के निर्माण के उद्देश्य से आज नमो पथ नानी दमण में मेगा बीच क्लीन-अप ड्राइव का आयोजन किया गया। नमो पथ पर आयोजित विराट सफाई अभियान में प्रशासनिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, उद्योगजगत के प्रतिनिधियों, युवाओं, स्वयंसेवकों के साथ बडी संख्या में नागरिकों ने हिस्सा लेकर समुद्र तट को स्वच्छ एवं साफ-सुथरा बनाने में योगदान दिया। अभियान के दौरान प्रतिभागियों ने समुद्र तट एवं आसपास के क्षेत्रों से कचरा एकत्र कर स्वच्छता का संदेश दिया। इस अभियान में तहत 20 जोन में करीब 5.1 टन कचरा एकत्र किया गया। इस पहल का उद्देश्य नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ समुद्री पर्यावरण एवं तटीय पारिस्थितिकी तंत्र के संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा। इस अवसर पर जनभागीदारी की भावना को मजबूत करते हुए नागरिकों से अपने आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने, कचरे का उचित निपटान करने तथा समुद्र तटों और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया। मेगा बीच क्लीन-अप ड्राइव ने स्वच्छ तट-हमारी जिम्मेदारी का संदेश देते हुए स्वच्छ एवं सतत दमण के प्रति सामूहिक संकल्प को और मजबूत किया।

