– दमण के नमो अस्पताल में मैमोग्राफी, सर्वाइकल स्क्रीनिंग एवं ओरल स्क्रीनिंग टेस्ट की सुविधा उपलब्ध करवाने पर महिला काउंसिलरों ने प्रशासक प्रफुल पटेल का जताया आभार
असली आजादी न्यूज नेटवर्क, दमण 18 सितंबर। दमण के नमो अस्पताल में महिलाओं के लिए मैमोग्राफी, सर्वाइकल स्क्रीनिंग एवं ओरल स्क्रीनिंग टेस्ट की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इस सेवा के माध्यम से महिलाओं में होने वाली गंभीर बीमारी कैंसर का समय पर ही पता चल सकेगा और उसका इलाज भी किया जा सकेगा। पीएम मोदी के जन्मदिन पर प्रशासक प्रफुल पटेल के मार्गदर्शन में भावना सेवा ट्रस्ट और संघ प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से कैंसर स्क्रीनिंग सुविधा शुरू की गई है। इस जांच अभियान के शुरूआत में महिला जनप्रतिनिधियों और महिला कर्मचारियों की स्क्रीनिंग की जा रही है। इसी के तहत आज दमण नगरपालिका की महिला काउंसिलरों ने दमण के नमो अस्पताल में पहुंचकर आज अपना पंजीकरण कराकर मैमोग्राफी, सर्वाइकल स्क्रीनिंग एवं ओरल स्क्रीनिंग टेस्ट करवाया। इस अवसर पर डीएमसी प्रेसिडेंट दीपिका टंडेल, काउंसिलरों में सिंपल काटेला, कपिला ओड, नीला राणा, फिरदोश बानो ने कैंसर स्क्रीनिंग टेस्ट करवाया। इसके साथ ही दमण के नमो अस्पताल में मैमोग्राफी, सर्वाइकल स्क्रीनिंग एवं ओरल स्क्रीनिंग टेस्ट की सुविधा उपलब्ध करवाने पर प्रशासक प्रफुल पटेल के प्रति आभार भी जताया। महिला काउंसिलरों का कहना था कि प्रदेश के अस्पताल में यह सुविधा उपलब्ध हो जाने से महिलाओं को मैमोग्राफी, सर्वाइकल स्क्रीनिंग एवं ओरल स्क्रीनिंग टेस्ट के लिए बाहर जाने की जरूरत नहीं होगी। यह जांच प्रदेश की 30 वर्ष और उससे अधिक आयु की प्रत्येक महिला के लिए नि:शुल्क रखी गई है। महिला काउंसिलरों ने प्रदेश की सभी महिलाओं को इस सेवा का लाभ लेने के लिए अनुरोध किया।

