असली आजादी न्यूज नेटवर्क, दमण/सिलवासा/दीव, 28 अगस्त। संघ प्रदेश थ्रीडी में प्रशासक प्रफुल पटेल के शासन के 10 वर्ष पूरे होने का 10 साल बेमिसाल जश्न मनाया जा रहा है। इसी के तहत संघ प्रदेश के तीनों जिलों दादरा नगर हवेली, दमण एवं दीव में प्रशासन आपके द्वार कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रमों के दौरान प्रशासन के विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाकर नागरिकों को जनहितैषी एवं लोककल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिया गया। तीनों जिलों में आयोजित प्रशासन आपके द्वार कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में नागरिकों ने उपस्थित रहकर लाभ लिया। इन कार्यक्रमों में जिला प्रशासन के अधिकारियों ने उपस्थित रहकर विभिन्न स्टॉलों पर विभाग द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं का जायजा लिया और नागरिकों से बातचीत करके उनकी व्यवहारिक समस्याओं का संज्ञान लिया तथा उनके त्वरित समाधान हेतु अपेक्षित मार्गदर्शन प्रदान किया। साथ ही संबंधित अधिकारियों एवं सेवा प्रदाताओं को नागरिकों को सहज, सटीक, पारदर्शी एवं समयबद्घ तरीके से सेवाएँ उपलब्ध कराने के निर्देश दिये। ज्ञात हो कि प्रशासन आपके द्वार कार्यक्रम आम जनता के लिए सही में घर बैठे सेवा और सुविधा प्राप्त करने का माध्यम रहा है।

