– 94.276 किलो नशीला पदार्थ नष्ट, 88 लाख रुपये की संपत्ति जब्त
असली आज़ादी न्यूज नेटवर्क, सिलवासा, 20 अगस्त। दादरा नगर हवेली और दमण-दीव पुलिस ने पुलिस उपमहानिरीक्षक संतोष मीणा तथा दादरा नगर हवेली पुलिस अधीक्षक सचिन यादव की अगुवाई में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए कुल 94.276 किलोग्राम जब्त मादक पदार्थों का निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत निस्तारण किया। इसके साथ ही दादरा नगर हवेली जिले में एक आदतन आरोपी की करीब 88 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त/अटैच की गई है।
पुलिस के अनुसार, दादरा नगर हवेली जिले में एनडीपीएस एक्ट से जुड़े 22 मामलों में जब्त 75.654 किलोग्राम गांजा एवं अन्य मादक पदार्थों को नष्ट किया गया। वहीं दमण जिले में 5 एनडीपीएस मामलों से संबंधित 18.620 किलोग्राम गांजा एवं अन्य नशीले पदार्थों का भी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार निस्तारण किया गया। यह कार्रवाई संघ प्रदेश के प्रशासक के मार्गदर्शन में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है। पुलिस का फोकस नशीले पदार्थों की तस्करी, कब्जे और वितरण पर प्रभावी रोक लगाने के साथ-साथ अवैध ड्रग नेटवर्क को तोड़ने और इससे जुड़े अपराधियों के आर्थिक हितों पर प्रहार करने पर है। पुलिस ने बताया कि जब्त मादक पदार्थ विभिन्न पुलिस थानों में दर्ज मामलों से संबंधित थे। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी होने और न्यायिक अथवा कानूनी प्रक्रिया में इन पदार्थों की आवश्यकता नहीं रहने की पुष्टि के बाद निर्धारित दिशा-निर्देशों के तहत इनका निस्तारण किया गया। मादक पदार्थों के मामलों में आदतन अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने बहुआयामी कार्रवाई शुरू की है। इसी क्रम में एनडीपीएस एक्ट के तहत दादरा नगर हवेली जिले में एक आदतन अपराधी की करीब 88 लाख रुपये की संपत्ति जब्त/अटैच की गई। पुलिस के मुताबिक इस कार्रवाई का उद्देश्य अवैध ड्रग कारोबार से जुड़े लोगों के आर्थिक हितों को नुकसान पहुंचाना है। पुलिस ने कहा कि जब्त नशीले पदार्थों का समयबद्ध एवं जवाबदेह तरीके से निस्तारण और अपराधियों की संपत्तियों के खिलाफ कार्रवाई से नशीले पदार्थों के अवैध नेटवर्क तथा उससे होने वाले आर्थिक लाभ को बाधित करने में मदद मिलेगी। संघ प्रदेश पुलिस ने सुरक्षित और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए सख्त प्रवर्तन, रोकथाम और जनजागरूकता अभियान जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई है।

