असली आजादी न्यूज नेटवर्क, दमण 02 नवंबर। संघ प्रदेश दादरा नगर हवेली और दमण-दीव के प्रशासक प्रफुल पटेल के कुशल नेतृत्व में एक भारत श्रेष्ठ भारत पहल के अंतर्गत दमण कलेक्ट्रेट में विभिन्न राज्यों और केन्द्रशासित प्रदेशों का स्थापना दिवस समारोह आयोजित किया गया था। इस दौरान जम्मू-कश्मीर और लद्दाख (31 अक्टूबर 2026) तथा आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, दिल्ली, हरियाणा, कर्नाटक, केरल, लक्षद्वीप, मध्य प्रदेश, पुडुचेरी, पंजाब और तमिलनाडु (1 नवंबर 2026) के स्थापना दिवस मनाए गए। इस अवसर पर दमण प्रशासन की ओर से दमण जिले में रहने वाले और उपर्युक्त राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों से ताल्लुक रखने वाले प्रतिष्ठित व्यक्तियों को दमण की डिप्टी कलेक्टर द्वारा सम्मानित किया गया। उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए दमण की डिप्टी कलेक्टर ने कहा कि भारत को अपने समृद्ध इतिहास, संस्कृति और विरासत पर गर्व है। एक भारत श्रेष्ठ भारत कार्यक्रम का उद्देश्य विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लोगों के बीच आपसी संवाद को बढ़ाना और आपसी समझ को बढ़ावा देना है। उन्होंने आगे कहा कि इस तरह के आयोजनों को मनाने से भाषा सीखने, संस्कृति, परंपरा, संगीत, पर्यटन, खान-पान, खेल और सर्वोत्तम प्रथाओं के आदान-प्रदान जैसे क्षेत्रों में निरंतर और व्यवस्थित सांस्कृतिक संबंधों को बढ़ावा देने में मदद मिलती है।

