asliazadi
आसपासदमन, दानह, दीव की खबरें

गांधीनगर में नियुक्ति पत्र वितरण समारोह: गुजरात पुलिस को मिले 449 नए पीएसआई

– निष्ठा, प्रामाणिकता और समाज सेवा की भावना के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करें तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा दिए गए नागरिक देवो भव एवं वसुधैव कुटुम्बकम् के मंत्र को साकार करें: मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल – 2033 तक पुलिस में 50 हजार नई भर्तियों का ऐलान – पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया की सराहना, विकसित भारत, विकसित गुजरात के निर्माण में पुलिस की अहम भूमिका पर जोर

गांधीनगर (ईएमएस)। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने गुजरात पुलिस में अशस्त्र पुलिस सब-इंस्पेक्टर (पीएसआई) के रूप में शामिल हो रहे नवनियुक्त युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे निष्ठा, प्रामाणिकता और समाज सेवा की भावना के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करें तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा दिए गए ‘नागरिक देवो भव’ एवं ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ के मंत्र को साकार करें।
राज्य में कानून एवं व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से 449 अशस्त्र पुलिस सब-इंस्पेक्टरों की नियुक्ति पुलिस बल में की गई है। बुधवार को इन नवनियुक्त युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान करने का गरिमामय समारोह गांधीनगर में आयोजित किया गया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री तथा गृह मंत्री श्री हर्ष संघवी विशेष रूप से उपस्थित रहे तथा उन्होंने नवनियुक्त अधिकारियों का उत्साहवर्धन किया। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी राज्य का विकास शांति एवं सुरक्षा के बिना संभव नहीं है। इस संदर्भ में उन्होंने कहा कि देश के रोल मॉडल के रूप में तथा व्यापार-उद्योग और वैश्विक निवेश के क्षेत्र में गुजरात ने जो ख्याति अर्जित की है, उसमें शांति और सुरक्षा के प्रहरी गुजरात पुलिस बल का महत्वपूर्ण योगदान है।
मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त युवा पुलिस सब-इंस्पेक्टरों को प्रेरित करते हुए कहा, अब आप सभी इस पुलिस बल का हिस्सा बन चुके हैं। आपको ऐसा कार्य करना है कि समाज, आपके परिवार और पूरे राज्य को आप पर गौरव हो। राज्य और राष्ट्रहित की जिम्मेदारी का निर्वहन समाज के साथ मिलकर करना है।
उन्होंने जोड़ा कि समाजिक जीवन में पुलिस का स्थान तथा सम्मान अत्यंत गौरवपूर्ण है। पुलिस की मात्र उपस्थिति से ही सामान्य नागरिक के मन में यह विश्वास पैदा होता है कि अब जो भी होगा, वह न्यायपूर्ण होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस विभाग में किसी एक अधिकारी का उत्कृष्ट कार्य पूरे विभाग को क्रेडिट देने वाला बन जाता है। उन्होंने जोड़ा कि नवनियुक्त युवाओं को ऐसे कार्यों से प्रेरणा लेकर अच्छा सीखना चाहिए और पुलिस बल की छवि को और अधिक उज्ज्वल बनाना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट रूप से कहा कि निष्ठा और प्रामाणिकता से कार्य करने वालों के साथ सरकार हमेशा खड़ी रहती है। उन्होंने सभी से मिलकर गुजरात को शांति और सुरक्षा के क्षेत्र में और अधिक मजबूत तथा गौरवशाली बनाने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के लिए गुजरात पुलिस भर्ती बोर्ड की सराहना की तथा नवनियुक्त युवाओं को अनुशासन का पालन करते हुए कर्तव्यनिष्ठ रहने की सीख भी दी। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लिए विकसित गुजरात की यात्रा में पुलिस बल की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रहने वाली है। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि पुलिस बल में शामिल हुए ये नवनियुक्त युवा अपने लंबे सेवा-काल के दौरान वर्ष 2047 के विकसित भारत-विकसित गुजरात के निर्माण के वाहक बनेंगे। गुजरात पुलिस परिवार के सदस्य बन रहे 449 नवनियुक्त अशस्त्र पुलिस सब-इंस्पेक्टरों का अभिनंदन करते हुए तथा उनका पुलिस परिवार में स्वागत करते हुए उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने कहा कि सामान्य जनता के लिए पुलिस का अर्थ अपराधियों को कानून के दायरे में लाने वाली एक फोर्स है, लेकिन वास्तविकता यह है कि जब भी राज्य में कोरोना महामारी, भारी वर्षा जैसी प्राकृतिक आपदाएं अथवा कोई भी कठिन परिस्थिति आती है, तब जनता की सुरक्षा के लिए सबसे पहले पुलिस का ही नाम आता है। उप मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि कानून अपने हाथ में लेने वाले तत्वों को कानून का महत्व किस प्रकार समझाना है, यह आपको अवश्य आना चाहिए। और यदि आपमें से कोई स्वयं कानून अपने हाथ में लेगा, तो हमारे मृदुल तथा दृढ़ मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की सरकार उसके विरुद्ध भी कठोर कार्रवाई करने में सक्षम है। सबसे अधिक भ्रष्ट अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करके प्रशासन को शुद्ध (गंगाजल पिलाने) करने का कार्य गुजरात के मुख्यमंत्री ने किया है। आज के आधुनिक युग का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि टेक्नोलॉजी के इस दौर में भी अपराधों की जांच में टेक्निकल इंटेलिजेंस की अपेक्षा ह्यूमन इंटेलिजेंस आज भी अत्यंत महत्वपूर्ण पासा है। गुजरात पुलिस के सुदृढ़ीकरण के लिए एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए उप ने कहा कि वर्ष 2033 तक सीधी भर्ती के माध्यम से कुल 50 हजार नई भर्तियां मुख्यमंत्री की जाएंगी। उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में पुलिस विभाग में कुल 54,509 पदों पर भर्ती प्रक्रिया पूरी की गई है। इनमें से पिछले 5 वर्षों में ही 15,653 महिला कर्मियों की भर्ती कर महिला सशक्तिकरण का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया गया है। वर्ष 2008 से अब तक लगभग 1 लाख युवा पुलिस विभाग में शामिल हो चुके हैं, जबकि वर्तमान में भी 13,500 से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया प्रगति पर है।
अहमदाबाद सीरियल बॉम्ब ब्लास्ट केस में कल गुजरात हाईकोर्ट द्वारा सुनाए गए निर्णय का उल्लेख करते हुए उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने कहा कि इस फैसले से यह स्पष्ट और दृढ़ संदेश गया है कि इस देश में आतंकवाद के लिए कोई स्थान नहीं है। उन्होंने इस समग्र देशद्रोह से जुड़े मामले की अत्यंत सूक्ष्म, वैज्ञानिक और पेशेवर ढंग से जांच करने वाली गुजरात पुलिस की जांच टीम को हृदयपूर्वक बधाई दी।
गृह विभाग के एक महत्वपूर्ण निर्णय की जानकारी देते हुए संघवी ने कहा कि पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे राज्य के मध्यम एवं सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के हित में सरकार ने एक बड़ा निर्णय लिया है। अब गुजरात के सभी जिला पुलिस मुख्यालयों के मैदान प्रतियोगी परीक्षाओं की शारीरिक परीक्षा की तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों के लिए खोल दिए गए हैं, ताकि किसी भी गरीब या मध्यम वर्गीय अभ्यर्थी को निजी कोचिंग क्लासों पर अधिक खर्च न करना पड़े। इस अवसर पर राज्य पुलिस महानिदेशक जी. एस. मलिक ने कहा कि पिछले 10 वर्ष में गुजरात सरकार ने कानून एवं व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ करने के लिए पुलिस कॉन्स्टेबल से लेकर पीएसआई तक के विभिन्न संवर्गों में कुल 54,509 जवानों की पारदर्शी तथा सफल भर्ती पूर्ण की है। इसके अलावा; वर्ष 2026-27 में भी और 13,591 रिक्तियों की भर्ती प्रक्रिया बहुत ही तेजी से जारी है, जो राज्य सरकार की सुरक्षा के प्रति कटिबद्धता दर्शाती है। मलिक ने इस अवसर पर खाकी वर्दी धारण करने जा रहे 449 नवनियुक्त एवं उच्च शिक्षित पुलिस उप निरीक्षकों को अभिनंदन दिया और इस गौरवपूर्ण अवसर पर पीएसआई के साथ-साथ उनके परिवारों की भी इस सफलता के लिए प्रशंसा की तथा सभी नवनियुक्त अधिकारियों को निष्ठापूर्वक दायित्व निभाने के लिए शुभकामनाएं दीं। गुजरात पुलिस भर्ती बोर्ड की अध्यक्ष डॉ. नीरजा गोटरू के सक्षम नेतृत्व में हाल ही में हुई समग्र भर्ती प्रक्रिया काफी सुव्यवस्थित, न्यायपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न हुई है। इस सफल एवं विवाद रहित कार्य के लिए डीजीपी ने डॉ. गोटरू को विशेष अभिनंदन दिया। मलिक ने दृढ़ विश्वास व्यक्त किया कि पुलिस बल का हिस्सा बने नवनियुक्त पीएसआई अत्यंत टेक्नोसेवी तथा उच्च शिक्षित हैं। इन नवयुवाओं की देशभक्ति, अनुशासन और नैतिकता गुजरात पलिस की गरिमा को और ऊंचाई पर ले जाएगी।
गुजरात पुलिस भर्ती बोर्ड की अध्यक्ष डॉ. नीरजा गोटरू ने नवनियुक्ति पुलिस सब इंस्पेक्टरों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के मार्गदर्शन में यह भर्ती प्रक्रिया तेज तथा पारदर्शी ढंग से पूरी की गई है। मार्च-2024 में बोर्ड का गठन होने के बाद यह प्रथम सफल बैच है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2024-25 में घोषित की गई अशस्त्र पीएसआई की 472 रिक्तियों की भर्ती के लिए कुल 4.60 लाख से अधिक उम्मीदवारों ने पंजीकरण कराया था। शारीरिक कसौटी, लिखित परीक्षा और विभिन्न दस्तावेज, मेडिकल आदि पारदर्शी प्रक्रिया पूरी कर यह चयन किया गया है। पुलिस कॉन्स्टेबल से पीएसआई होने के लिए मोड-2 विभागीय परीक्षा प्रक्रिया भी हाल में चल रही है। उन्होंने जोड़ा, ”आप सभी नवनियुक्त अधिकारी आज जब अपने परिश्रम से गुजरात पुलिस में भर्ती हुए हैं, तब निष्ठा एवं प्रामाणिकता से नागरिकों की सेवा व सुरक्षा के लिए कार्यरत रहिएगा।” इस अवसर पर मुख्यमंत्री व अन्य उपस्थित महानुभावों के करकमलों से फौजदारी कानूनों तथा प्रशिक्षण संबंधी पुस्तिकाओं का अनावरण किया गया। पुलिस विभाग द्वारा इन-हाउस बनाए गए ई-मॉड्यूल पहल का प्रारंभ भी किया गया।
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल तथा उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी की गरिमाममय उपस्थिति में गुजरात पुलिस अकादमी द्वारा तैयार की गई नई पुस्तकों का अनावरण किया गया। देश में लागू किए गए नए कानूनी प्रावधानों को समाविष्ट करने वाली इन नवप्रकाशित पुस्तकों में (1) भारतीय न्याय संहिता – 2023, (2) भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता – 2023, (3) भारतीय साक्ष्य अधिनियम – 2023, (4) फोरेंसिक साइंस, क्रिमिनोलॉजी व कम्युनिटी पुलिसिंग और (5) सेंट्रल तथा स्टेट पुलिस ऑर्गेनाइजेशन, मानव व्यवहार तथा मानवाधिकार शामिल हैं। ये पुस्तकें आगामी समय में पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रशिक्षण तथा कानूनी समझ विकिसत करने में बहुत ही उपयोगी सिद्ध होंगी।
समारोह में गांधीनगर की महापौर मीरा पटेल, अहमदाबाद के महापौर हितेश बारोट, गृह विभाग के प्रधान सचिव संजीव कुमार, पुलिस महानिरीक्षक (प्रशासन) गगनदीप गंभीर, गृह एवं पुलिस विभाग के उच्चाधिकारी और नवनियुक्त अशस्त्र पुलिस सब इंस्पेक्टर उपस्थित रहे।

Related posts

भीलाड-सरीगाम को राष्ट्रीय राजमार्ग-48 से जोड़ने वाले नए रेलवे अंडरब्रिज का सांसद धवल पटेल ने किया लोकार्पण

Asli Azadi

दमण-दीव के पूर्व सांसद लालू पटेल ने ग्राम्य नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का किया उद्घाटन

Asli Azadi

दमण में उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने पक्षीशाला का किया उद्घाटन

Asli Azadi

Leave a Comment