asliazadi
दमन, दानह, दीव की खबरें

संविधान हत्या दिवस पर खानवेल में भाजपा का विरोध प्रदर्शन एवं रैली, लोकतंत्र की रक्षा का लिया संकल्प

असली आजादी न्यूज नेटवर्क, सिलवासा 25 जून। 25 जून 1975 को लगाए गए आपातकाल की 50वीं वर्षगांठ के अवसर पर केंद्र सरकार द्वारा घोषित संविधान हत्या दिवस के तहत आज खानवेल में भारतीय जनता पार्टी द्वारा विरोध प्रदर्शन एवं जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम भाजपा के प्रदेश प्रभारी दुष्यंत पटेल के आह्वान तथा प्रदेश अध्यक्ष महेश आगरिया के नेतृत्व में आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का नेतृत्व खानवेल जिला भाजपा अध्यक्ष एडवोकेट सनी भीमरा ने किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने आपातकाल को भारतीय लोकतंत्र का सबसे काला अध्याय बताते हुए विरोध प्रदर्शन किया और रैली निकालकर लोकतांत्रिक मूल्यों एवं संविधान की रक्षा का संदेश जन-जन तक पहुंचाया। कार्यक्रम की शुरुआत संविधान हत्या दिवस पर आयोजित विशेष सभा से हुई, जिसमें वक्ताओं ने 25 जून 1975 की घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि तत्कालीन कांग्रेस सरकार द्वारा लगाए गए आपातकाल के दौरान देश में नागरिक स्वतंत्रताओं पर व्यापक प्रतिबंध लगाए गए थे। प्रेस की स्वतंत्रता को सीमित कर दिया गया था, विपक्षी नेताओं को जेलों में बंद किया गया था तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं पर अभूतपूर्व दबाव बनाया गया था। वक्ताओं ने कहा कि यह दिन उन लाखों देशभक्तों के संघर्ष और बलिदान को याद करने का अवसर है जिन्होंने लोकतंत्र की रक्षा के लिए आवाज उठाई थी। सभा के पश्चात भाजपा कार्यकर्ताओं ने खानवेल क्षेत्र में रैली निकाली। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के समर्थन में नारे लगाए तथा आपातकाल के विरोध में अपनी आवाज बुलंद की। रैली के माध्यम से युवाओं और आम नागरिकों को लोकतंत्र के महत्व तथा संविधान की गरिमा के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया। इस अवसर पर प्रमुख रूप से विनय गिम्भल (उपाध्यक्ष, जिला पंचायत), सुशीला भीखूभाई भीमरा (जिला पंचायत सदस्य, खानवेल), नवसु लिलेश ढोडिया (जिला पंचायत सदस्य, दपाडा), निखिल गवली (जिला पंचायत सदस्य, मांदोनी), मारियाभाई विलाट (सरपंच, खानवेल), रमेश कडू (प्रदेश अध्यक्ष, एसटी मोर्चा भाजपा), एडवोकेट शैलेष माहला, एडवोकेट राहुल कडु, अब्लू वाघेरा, अशोक पटेल, लिलेश ढोडिया, किशन चौधरी, सोनजी कुरकुटिया, हेमंत पटेल, विनोद धांगड़ा, गोपी गुप्ता, लड़क मिशाल, महिंद्रा बॉन्ड सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा नेताओं ने कहा कि संविधान हत्या दिवस केवल इतिहास को याद करने का अवसर नहीं है, बल्कि लोकतंत्र, संविधान और नागरिक अधिकारों की रक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराने का भी दिन है। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढि़यों को आपातकाल के दौर से अवगत कराना आवश्यक है ताकि लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा सदैव सुनिश्चित की जा सके। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने संविधान की गरिमा बनाए रखने तथा लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।

Related posts

संघ प्रदेश थ्रीडी भाजपा सचिव जिज्ञेश पटेल ने सहपरिवार श्री सोमनाथ महादेव मंदिर पहुंचकर भगवान शिव की आराधना की

Asli Azadi

भाजपा के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से संघ प्रदेश थ्रीडी भाजपा अध्यक्ष महेश आगरिया और प्रदेश महामंत्री जिग्नेश पटेल ने की मुलाकात

Asli Azadi

प्रशासन ने कचीगाम में अवैध निर्माण कार्यों के खिलाफ की कार्रवाई

Asli Azadi

Leave a Comment