asliazadi
दमन, दानह, दीव की खबरें

दीव में आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के अंतर्गत मॉडल डिस्ट्रिक्ट कार्यशाला का हुआ आयोजन

असली आजादी न्यूज नेटवर्क, दीव 15 जून। दीव में आज आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के अंतर्गत “मॉडल डिस्ट्रिक्ट” कार्यशाला का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य दीव जिले को डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक आदर्श मॉडल के रूप में विकसित करने हेतु रणनीतियों, कार्ययोजना एवं समन्वित प्रयासों को सुदृढ़ करना था। दीव का मॉडल जिला के रूप में चयन संघ प्रदेश के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, जो इसे डिजिटल स्वास्थ्य परिवर्तन का अग्रणी केंद्र बनाता है। इस पहल के अंतर्गत जिले के सभी नागरिकों के लिए आभा आईडी का निर्माण, सभी सरकारी एवं निजी स्वास्थ्य संस्थानों तथा स्वास्थ्य पेशेवरों का हेल्थकेयर फैसिलिटी रजिस्ट्री एवं हेल्थकेयर प्रोफेशनल रजिस्ट्री में पंजीकरण तथा स्वास्थ्य सेवाओं के डिजिटल रिकॉर्ड का एकीकृत क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा। कार्यशाला में राज्य मिशन निदेशक (ABDM) एवं मिशन निदेशक (NHM) अमित कुमार पमासी, जिला उप कलेक्टर शिवम मिश्रा, डॉ. तपन देसाई (स्टेट नोडल ऑफिसर, ABDM), दीव नगरपालिका अध्यक्ष हरेश पांचा, दीव जिला पंचायत अध्यक्ष रंजीता कोटिया, डॉ. प्रताप सोनोने (आरोग्य अधिकारी, दीव) तथा डॉ. साहू (जिला अस्पताल दीव) ने आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के विभिन्न पहलुओं एवं इसकी महत्ता पर विस्तार से प्रकाश डाला। राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण नई दिल्ली से पधारे अरुण कुमार एवं रतुल दास ने मॉडल डिस्ट्रिक्ट की परिकल्पना, उद्देश्यों एवं विभिन्न हितधारकों की भूमिकाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की। वहीं वर्चुअल माध्यम से कार्यशाला को संबोधित करते हुए NHA के निदेशक डॉ. पंकज अरोरा ने डिजिटल हेल्थकेयर इकोसिस्टम को सशक्त बनाने में मॉडल डिस्ट्रिक्ट की भूमिका पर प्रकाश डाला तथा दीव की इस उपलब्धि की सराहना की। कार्यशाला में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, स्वास्थ्य विशेषज्ञों तथा निजी क्षेत्र के हितधारकों, जिनमें निजी चिकित्सक, निजी अस्पतालों के प्रतिनिधि एवं मेडिकल स्टोर संचालकों ने भाग लिया। इस दौरान आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के एंड-टू-एंड कार्यान्वयन पर विस्तृत चर्चा की गई। बताया गया कि इस प्रणाली के माध्यम से मरीजों की संपूर्ण उपचार प्रक्रिया OPD पंजीकरण से लेकर जांच, भर्ती एवं डिस्चार्ज तक डिजिटल रूप में दर्ज की जाएगी तथा ABHA से लिंक की जाएगी, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं अधिक सटीक, त्वरित एवं प्रभावी बन सकेंगी। वक्ताओं ने बताया कि जिले में आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के विभिन्न संकेतकों के अंतर्गत उल्लेखनीय प्रगति हुई है तथा कई क्षेत्रों में 100 प्रतिशत सैचुरेशन प्राप्त किया जा चुका है। विशेष रूप से सरकारी एवं निजी स्वास्थ्य क्षेत्र को एकीकृत करते हुए एक मजबूत डिजिटल हेल्थ इकोसिस्टम विकसित करने पर बल दिया गया। दीव में विकसित किया जाने वाला यह मॉडल भविष्य में अन्य जिलों के लिए एक मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के रूप में कार्य करेगा। यहां प्राप्त अनुभवों एवं सर्वोत्तम प्रथाओं के आधार पर पूरे संघ प्रदेश में आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के प्रभावी विस्तार की दिशा निर्धारित की जाएगी। कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने इस पहल को आम नागरिकों के लिए पारदर्शी, सरल एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया तथा इसके सफल क्रियान्वयन हेतु पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

Related posts

पीएम मोदी के मेक इन इंडिया विजन को दादाचनजी ग्रुप ने कायरिश इनोटेक के जरिये किया साकार

Asli Azadi

प्रशासक प्रफुल पटेल ने स्थानीय स्वराज संस्थाओं के जनप्रतिनिधियों को कहा: जीत के साथ बडी जिम्मेदारी भी आपको मिली है

Asli Azadi

दादरा नगर हवेली में नीति आयोग अंतर्गत संपूर्णता अभियान 2.0 का जिला स्तरीय हुआ शुभारंभ

Asli Azadi

Leave a Comment