असली आजादी न्यूज नेटवर्क, दीव 18 मई। दमण-दीव के प्रशासन एवं सांसद उमेश पटेल के सयुक्त प्रयासों से केंद्र सरकार के राष्ट्रीय म्स्यियकी विकास बोर्ड एवं मत्स्य पालन विभाग के सहयोग से दीव जिले में मछुआरा समुदाय के लिए विशेष जनजागृति, सहायता एवं सम्मेलन अभियान का आयोजन किया जा रहा है। यह विशेष अभियान 19 मई 2026 से 25 मई 2026 तक दीव के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित किया जाएगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य केंद्र सरकार द्वारा मछुआरों के लिए चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना, लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ना तथा ऑन-द-स्पॉट सहायता उपलब्ध करवाना है। इस अभियान का शुभारंभ 19 मई 2026 को प्रात: 10 बजे वाणकबारा स्थित पुरानी महारानी लक्ष्मीबाई ग्राम पंचायत, शाकभाजी मार्केट परिसर में किया जाएगा। सांसद उमेश पटेल ने जानकारी देते हुए बताया कि इस विशेष अभियान के दौरान मछुआरों को प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना सहित विभिन्न केंद्र सरकार की योजनाओं, सब्सिडी, बीमा, बैंकिंग सहायता, आधुनिक मत्स्य सुविधाओं, दस्तावेज़ सत्यापन, ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया एवं तकनीकी मार्गदर्शन की जानकारी प्रदान की जाएगी।उन्होंने बताया कि इस अभियान में पारंपरिक मछुआरे, बोट मालिक, फिश वेंडर, महिला स्वयं सहायता समूह, मत्स्य उद्यमी एवं युवा वर्ग को विशेष रूप से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। विभिन्न स्थानों पर सम्मेलन, कार्यशालाएँ, सहायता शिविर एवं जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित होंगे, जहाँ विशेषज्ञों एवं अधिकारियों द्वारा सीधा मार्गदर्शन दिया जाएगा। सांसद उमेश पटेल ने कहा कि मछुआरा समाज हमारे समुद्री क्षेत्र की आर्थिक एवं सांस्कृतिक पहचान है और केंद्र सरकार की योजनाओं का अधिकतम लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुँचाना हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने सभी मछुआरा भाइयों एवं बहनों से अपील की कि वे इस विशेष अभियान में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर योजनाओं का लाभ प्राप्त करें तथा अन्य लोगों तक भी इसकी जानकारी पहुँचाएं।

