asliazadi
दमन, दानह, दीव की खबरें

सोमनाथ अमृतपर्व-2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज करेंगे महापूजा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ”सुवर्ण युग” में पहुंचा सोमनाथ धाम

– सोमनाथ के आधुनिकीकरण की 75 वर्षों की विकास यात्रा में पिछले दो दशकों के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सोमनाथ मंदिर ने ”सुवर्ण युग” में प्रवेश किया है – 75वें पुनर्निर्माण वर्ष पर भक्तिमय हुआ सोमनाथ धाम – देशभर से उमड़ रहे शिवभक्त – पहली बार मंदिर शिखर पर होगा कुंभाभिषेक -संघ प्रदेश दादरा नगर हवेली और दमण दीव के हजारों नागरिक अपने-अपने घरों से सोमनाथ अमृत पर्व का लाइव प्रसारण देखेंगे – दमण के स्वामी विवेकानंद ओडिटोरियम में भी सुबह 9 बजे से सोमनाथ अमृतपर्व-2026 का लाइव प्रसारण का कार्यक्रम किया गया है आयोजित

असली आज़ादी न्यूज नेटवर्क, दमण। 10 मई। प्रथम ज्योतिर्लिंग सोमनाथ मंदिर के सान्निध्य में शुरू हुए ”सोमनाथ अमृतपर्व-2026” को लेकर पूरी देवभूमि में उत्साह और उल्लास का वातावरण है। इस विशेष पर्व के साथ सोमनाथ क्षेत्र में कई ऐतिहासिक क्षण भी दर्ज होने जा रहे हैं। पुनर्निर्मित सोमनाथ मंदिर के इतिहास में पहली बार मंदिर के शिखर पर 11 तीर्थों के पवित्र जल से कुंभाभिषेक किया जाएगा। ”सोमनाथ अमृतपर्व-2026” के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सोमनाथ पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री सुबह भगवान सोमनाथ महादेव की महापूजा करेंगे। इस दौरान मंदिर परिसर के बाहर एक विशाल कुंभ को क्रेन की सहायता से लगभग 90 मीटर ऊंचाई तक मंदिर के शिखर पर पहुंचाया जाएगा। कुंभ के साथ ब्राह्मण भी मौजूद रहेंगे। 11 तीर्थों के पवित्र जल से भरे इस कुंभ द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मंदिर शिखर का अभिषेक किया जाएगा। इस संबंध में तीर्थ पुरोहित सोमपुरा ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष हेमलभाई भट्ट ने बताया कि पुनर्निर्मित सोमनाथ मंदिर के इतिहास में पहली बार शिखर पर कुंभाभिषेक होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि सामान्यत: दक्षिण भारत के मंदिरों में यह परंपरा देखने को मिलती है, जहां हर 10 से 12 वर्षों में मंदिर शिखर का अभिषेक और शुद्धिकरण किया जाता है। हालांकि, सोमनाथ में इस प्रकार का आयोजन पहली बार होने जा रहा है, जिससे यह पर्व और भी ऐतिहासिक बन गया है। हमारे संघ प्रदेश दादरा नगर हवेली और दमण-दीव के हजारों नागरिक सोमनाथ मंदिर में सुबह 9 बजे से शुरू होने वाले ”सोमनाथ अमृतपर्व-2026” कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखेंगे। संघ प्रदेश प्रशासन ने भी दमण के स्वामी विवेकानंद सभागार में सोमनाथ मंदिर के भव्य अमृतपर्व की लाइव प्रसारण की व्यवस्था की है। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गरिमामयी उपस्थिति में सोमनाथ में भव्य ‘अमृत महोत्सव’ आयोजित होने जा रहा है। सोमनाथ के आधुनिकीकरण की 75 वर्षों की विकास यात्रा में पिछले दो दशकों के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सोमनाथ मंदिर ने ”सुवर्ण युग” में प्रवेश किया है। श्री सोमनाथ ट्रस्ट के अध्यक्ष बनने के बाद से ही सोमनाथ के विकास का नया अध्याय शुरू हुआ। देश के 12 पवित्र ज्योतिर्लिंगों में प्रथम स्थान रखने वाले सोमनाथ मंदिर में प्रतिदिन 25 हजार से अधिक श्रद्धालु दर्शन करने पहुंचते हैं, जबकि हर वर्ष लगभग 97 लाख भक्त यहां ज्योतिर्लिंग के दर्शन करते हैं। बेहतर सड़क, रेल और एयर कनेक्टिविटी के साथ आधुनिक सुविधाओं ने तीर्थयात्रा को और सुगम बनाया है। श्रद्धालुओं के लिए सागर दर्शन सहित विभिन्न भवनों और आधुनिक सर्किट हाउस में उत्कृष्ट आवास एवं भोजन व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है। समुद्र दर्शन पथ पर 16 फीट ऊंची हनुमानजी की प्रतिमा और 202 मारुति हाट प्रमुख आकर्षण बने हुए हैं। मंदिर में चढ़ाए गए गंगाजल को शुद्ध कर ”सोमगंगा अभिषेक जल” के रूप में श्रद्धालुओं को प्रसाद स्वरूप वितरित किया जाता है। यहां का लाइट एंड साउंड शो भी श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बना है, जिसे पिछले तीन वर्षों में 10 लाख से अधिक लोगों ने देखा है। सोमनाथ यात्रा को सुगम बनाने के लिए 828 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित जेतपुर-सोमनाथ फोर लेन हाईवे ने यात्रा को आसान बनाया है। वहीं वंदे भारत एक्सप्रेस के संचालन से अहमदाबाद से सोमनाथ की यात्रा तेज और सुविधाजनक हो गई है। इसके अलावा केशोद एयरपोर्ट और राजकोट अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के विकास से विदेशी पर्यटकों की पहुंच भी आसान हुई है। साल 2018 में ‘स्वच्छ आइकोनिक प्लेस’ का दर्जा प्राप्त करने वाला सोमनाथ आज ‘वेस्ट टू बेस्ट’ और सतत विकास का उदाहरण बन चुका है। मंदिरों में चढ़ने वाले फूलों से वर्मी कम्पोस्ट तैयार कर 1700 बिल्व वृक्षों के संरक्षण में उपयोग किया जा रहा है। मिशन लाइफ के तहत प्लास्टिक कचरे से हर महीने हजारों पावर ब्लॉक्स तैयार किए जा रहे हैं। जल संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा की दिशा में भी सोमनाथ ने उल्लेखनीय पहल की है। वर्षा जल संग्रहण, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट और मियावाकी वन जैसे प्रयासों से मंदिर परिसर को नेट-ज़ीरो मॉडल की दिशा में विकसित किया जा रहा है। श्री सोमनाथ ट्रस्ट ने डिजिटल सेवाओं के माध्यम से देश-विदेश के श्रद्धालुओं को घर बैठे लाइव दर्शन, पूजा बुकिंग, अतिथि गृह आरक्षण और ऑनलाइन प्रसाद सेवा की सुविधा भी उपलब्ध कराई है। श्रद्धालु अब ऑनलाइन माध्यम से रुद्राभिषेक, ध्वजा पूजा, महापूजा सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों की बुकिंग कर सकते हैं। आध्यात्मिकता, संस्कृति और आधुनिक सुविधाओं के समन्वय के साथ सोमनाथ आज वैश्विक पर्यटन एवं आस्था केंद्र के रूप में नई पहचान स्थापित कर रहा है।

Related posts

प्रशासक प्रफुल पटेल को डीआईए के पूर्व प्रेसिडेंट पवन अग्रवाल ने एमएसएमई कॉन्क्लेव अवॉर्ड किया समर्पित

Asli Azadi

दमण जिले के दुनेठा भाजपा मंडल कमेटी के पदाधिकारियों की हुई नियुक्ति

Asli Azadi

दमण: भीमपोर की ऋषि पैकेजिंग कंपनी में भीषण आग से मचा हडकंप:फायर ब्रिगेड की टीम ने बडी मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू

Asli Azadi

Leave a Comment