असली आजादी न्यूज नेटवर्क, सिलवासा 30 अप्रैल। दादरा नगर हवेली प्रशासन, जिला सचिवालय, निर्वाचन विभाग सिलवासा द्वारा आज जिला पंचायत के सभागार में एसआईआर निर्वाचन विभाग द्वारा जिला पंचायत के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, जिला पंचायत सदस्यों एवं सरपंचों और उप सरपंचों के लिए के लिए मतदाता सूची अपडेट करने से संबंधित एक महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आगामी निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारू, पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से संपन्न कराने हेतु जनप्रतिनिधियों को आवश्यक जानकारी एवं दिशा-निर्देश प्रदान करना था। प्रशिक्षण कार्यक्रम में निर्वाचन विभाग के नोडेल ऑफिसर डॉ. अनिता कुमार तथा एसआईआर टीम द्वारा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण, नए मतदाताओं के पंजीकरण, नाम संशोधन, स्थानांतरण एवं निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित विभिन्न प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही उपस्थित जनप्रतिनिधियों को अपने-अपने ग्राम क्षेत्रों में नागरिकों को जागरूक करने एवं अधिकाधिक पात्र मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित कराने का आ”ान किया गया। इसके पश्चात जिला पंचायत अध्यक्षा निशा भावर ने अपने संबोधन में प्रदेश के सभी मतदाताओ को एसआईआर के तहत दी गई जानकारी उपलब्ध कराने के लिए सभी उपस्थित जनप्रतिनिधियों को प्रेरित किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत की अध्यक्षा निशा भावर, विनय गंभीर उपाध्यक्ष, पंकज परमार विकास योजना अधिकारी की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और भी विशेष बना दिया। जिला पंचायत सदस्यों एवं सरपंचों और उप सरपंचों, निर्वाचन विभाग की एसआईआर टीम एवं अन्य जनप्रतिनिधि सक्रिय रूप से भाग लिया | प्रशिक्षण सत्र के अंत में प्रतिभागियों द्वारा विभिन्न प्रश्न पूछे गए, जिनका अधिकारियों ने विस्तारपूर्वक समाधान किया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ और सभी प्रतिभागियों ने इसे अत्यंत उपयोगी एवं जनहितकारी बताया।
दादरा नगर हवेली के सभी मतदाताओं से अनुरोध है कि वे यह सुनिश्चित करें कि उनका नाम उनके गांव/राज्य/जिले की वर्ष 2002 अथवा 2003 की पिछली रकफ मतदाता सूची में दर्ज है या नहीं। यदि नाम की जानकारी उपलब्ध नहीं है, तो मतदाता अपने क्षेत्र के बूथ स्तरीय अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं, चुनाव विभाग कार्यालय में जाकर जांच कर सकते हैं अथवा वेबसाइट पर जाकर आवश्यक विवरण भरकर नाम खोज सकते हैं। यदि पिछले रकफ-2002 या 2003 की मतदाता सूची में नाम दर्ज नहीं मिलता है, तो मतदाताओं को अपने माता-पिता के नाम की पुष्टि करनी होगी। यदि माता-पिता के नाम की भी पुष्टि नहीं हो पाती है, तो संबंधित मतदाता को आवश्यक दस्तावेज तैयार रखने होंगे। ये दस्तावेज अपने क्षेत्र के बीएलओ अथवा चुनाव विभाग सिलवासा में जमा करना आवश्यक होगा। आवश्यक दस्तावेजों में केंद्र/राज्य सरकार या सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों के नियमित कर्मचारी/पेंशनभोगी हेतु जारी पहचान पत्र अथवा पेंशन भुगतान आदेश, 01 जुलाई 1987 से पूर्व जारी पहचान पत्र/प्रमाणपत्र, जन्म प्रमाण पत्र, पासपोर्ट, मैट्रिकुलेशन अथवा शैक्षिक प्रमाण पत्र, स्थायी निवास प्रमाण पत्र, वन अधिकार प्रमाण पत्र, ओबीसी/एससी/एसटी अथवा अन्य जाति प्रमाण पत्र, राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर, परिवार रजिस्टर तथा सरकार द्वारा जारी भूमि/मकान आवंटन प्रमाण पत्र शामिल हैं। सभी मतदाताओं से विशेष अनुरोध है कि जब बूथ स्तरीय अधिकारी उनके घर आएं, तो वे पूर्ण सहयोग प्रदान करें, ताकि पुनरीक्षण प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न हो सके। यह पुनरीक्षण प्रक्रिया लोकतांत्रिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और मतदाता सूची को अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। अत: दादरा नगर हवेली के सभी नागरिकों से सक्रिय सहभागिता की अपेक्षा की जाती है।

