असली आजादी न्यूज नेटवर्क, दमण 21 अप्रैल। प्रशासक प्रफुल पटेल ने 2016 में संघ प्रदेश थ्रीडी की कमान संभालने के बाद लगातार एक साल तक ग्राउंड जीरो पर सतत दौरा कर तीनों जिलों में भौगोलिक परिस्थिति के अनुरूप विकास परियोजनाओं को लागू करने की रूपरेखा तैयार की थी। अक्टूबर-नवंबर 2017 में स्वामी विवेकानंद सभागार में दमण कैसा है और उसे कैसा बनाने वाले है उसका ब्लू प्रिंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से दमण की जनता को दिखाया था। आज दमण प्रशासक द्वारा जो सपना दिखाया गया था उसके अनुरूप बनकर तैयार हुआ है। इसके बाद बारी थी दमण की सभी मुख्य सडकों का चौडीकरण के साथ नवीनीकरण करने की। जिसमें मशाल चौक से पातलिया, तीन बत्ती से भेंसलोर, सोमनाथ से कचीगाम, डी-मार्ट से दाभेल चेकपोस्ट, बामनपूजा सर्कल से चेकपोस्ट, तीन बत्ती से देवका शामिल था। इसके साथ-साथ नानी दमण और मोटी दमण का कोस्टल हाईवे का चौडीकरण एवं नवीनीकरण भी न्यू दमण के विजन में शामिल था। आज उपरोक्त दर्शाई गई ज्यादातर सडकों का काम या तो पूरा हो चुका है या तो अंतिम चरण में है। तीन बत्ती से देवका सडक का भी इसी क्रम में जोरशोर से काम चल रहा है। प्रशासक प्रफुल पटेल जब न्यू दमण की नींव रखने के बाद दमण की सडकों को चौडा कर उच्च गुणवत्ता के साथ बनाने की घोषणा कर रहे थे तब कुछ लोग कहते थे कि चौडी सडकों की क्या जरूरत है? छोटी सडकें सही है। लेकिन प्रशासक प्रफुल पटेल ने न्यू दमण का विजन धरातल पर उतराने के बाद रामसेतू और नमो पथ जैसे सी-फ्रंट रोड सहित के पर्यटन प्रोजेक्ट पूरे होने के बाद हर वर्ष लाखों पर्यटकों के आने की आहट को पहले ही भांप लिया था। उन्हें पता था कि दमण में इतनी बडी संख्या में पर्यटक आयेंगे की सडकें कम पड जायेगी। आज दमण में हर वर्ष लाखों पर्यटक आते है और करोडों रूपये का रोजगार यहां नागरिकों, होटल, बार, रेस्टोरेंट, रिक्शा चालकों और अन्य व्यापारियों को देकर जाते है। दमण की चौडी सडकें ही पर्यटन उद्योग का भार अपने कंधे पर उठाकर लोगों की आवाजाही आसान कर रही है। इन सडकों का सिर्फ पर्यटकों को ही नहीं बल्कि स्थानीय नागरिकों एवं उद्योगजगत को भी फायदा मिल रहा है।

