asliazadi
दमन, दानह, दीव की खबरें

प्रशासक प्रफुल पटेल के कुशल मार्गदर्शन में प्रदेश का चहुँमुखी विकास हो रहा है: जिला समाहर्ता

असली आजादी न्यूज नेटवर्क, सिलवासा 02 अगस्त। दादरा नगर हवेली का आज 72वां मुक्ति दिवस का समारोह बड़े हर्ष और उल्लास के साथ मनाया गया। इस समारोह के मुख्य अतिथि दादरा नगर हवेली के जिला समाहर्ता प्रियांक किशोर ने ध्वजारोहण और राष्ट्रगान के साथ 72वें मुक्ति दिवस समारोह का शुभारंभ किया। प्रदेश के पुलिस विभाग, रिजर्व बटालियन, फायर विभाग एवं होमगार्ड के जवानों ने पुलिस बैंड द्वारा राष्ट्रगान के साथ सलामी दी। इसके पश्चात समाहर्ता प्रियांक किशोर ने परेड का निरीक्षण किया। जिला समाहर्ता ने अपने अध्यक्षीय अभिभाषण में दादरा नगर हवेली के 72वें मुक्ति दिवस की शुभकामनाएं देते हुए दादरा नगर हवेली की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर प्रकाश डाला और इस पुनीत अवसर पर पुर्तगाली शासन पर स्वतंत्रता के लिए संघर्ष करने वाले सभी स्वतंत्रता सेनानियों और मुक्ति के लिए अपना बलिदान देने वाले सभी लोगों को सम्मानपूर्वक श्रद्धांजलि अर्पित की। जिला समाहर्ता ने अपने भाषण में बताया कि पिछले कुछ वर्षों की तुलना में संघ प्रदेश दादरा नगर हवेली और दमण एवं दीव के माननीय प्रशासक श्री प्रफुल पटेल जी के कुशल मार्गदर्शन में प्रदेश का चहुँमुखी विकास हो रहा है, जिसका लाभ यहाँ की जनता को मिल रहा है। आज का सिलवासा विकास के क्षेत्र में विश्व स्तर पर उभर कर आ रहा है। उन्होंने प्रशासन के शिक्षा विभाग, पर्यटन विभाग, जिला पंचायत, पशुपालन एवं पशु चिकित्सा विभाग, लोक निर्माण विभाग, एससी/ एसटी निगम, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग आदि अनेक विभागों द्वारा हो रही विकासशील गतिविधियों पर अपने विचार व्यक्त करते हुए बताया कि इस प्रदेश में प्रशासन आपके द्वार कार्यक्रमों एवं विशेष शिविरों के अंतर्गत ग्राम पंचायतों के आवेदनों का निराकरण कर दिया गया और इस रोजगार मेला कार्यक्रम के तहत दादरा नगर हवेली जिले के कुल 2222 उम्मीदवारों को रोजगार दिया गया। इसके उपरांत उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बताया कि प्रदेश के दूध उत्पादकों ने 5.0 लाख लीटर से अधिक दूध का उत्पादन किया जो प्रदेश में अब तक का सबसे अधिक उत्पादन है। स्वास्थ्य के क्षेत्र में प्रदेशवासियों के उपचार के लिए नमो मेडिकल अस्पताल एक वरदान के रूप में साबित हो रहा है। समाहर्ता ने अंत में कहा कि प्रशासन ने प्रदेश के विकास हेतु सभी प्रयास किए हैं और आगे भी करता रहेगा। उन्होंने विश्वास दिलाया कि स्थानीय प्रतिनिधियों, स्वतंत्रता सेनानियों, उद्योगपतियों, व्यापारियों और आम जनता के सतत समर्थन से यह प्रशासन सभी लोगों के लिए समग्र समृद्धि, आनंद और खुशी प्राप्त करने के अपने प्रयासों में सफल होगा। इसके पश्चात उन्होंने पुन: सभी प्रदेशवासियों को मुक्ति दिवस के शुभ अवसर पर हार्दिक शुभकामनाएं दी। इस कार्यक्रम में दादरा नगर हवेली की सांसद कलाबेन डेलकर, दानह जिला पंचायत के अध्यक्ष दामजी कुराडा, सिलवासा नगरपालिका की अध्यक्षा रजनी शेट्टी, पूर्व सांसद, जिला पंचायत एवं नगरपालिका के सभी सदस्य, प्रशासन के अधिकारीगण, प्रेस रिपोटरों और विशेष रूप से दादरा नगर हवेली के अग्रणी नागरिकों तथा बच्चों ने उपस्थित रहकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।

Related posts

प्रशासक प्रफुल पटेल ने दीव में अनेक विकास परियोजनाओं का किया निरीक्षण

Asli Azadi

भारत के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड से प्रशासक प्रफुल पटेल ने की शुभेच्छा मुलाकात

Asli Azadi

नमो पथ और राम सेतु को जोडने वाले कनेक्टिंग ब्रिज की तस्वीर आई सामने

Asli Azadi

Leave a Comment