- करदाताओं को जीएसटी पंजीकरण, रिटर्न दाखिल करने, जीएसटी बिलिंग, ई-वे बिल जनरेट करने, जीएसटी के नविनतम् अपडेट के संबंध में सहायता प्रदान करने, अनुपालन संबंधी विषयों पर दी गई जानकारी
असली आजादी न्यूज नेटवर्क, सिलवासा 27 नवंबर। सीजीएसटी दमण आयुक्तालय द्वारा दादरा नगर हवेली की छह ग्राम पंचायतों-सामरवरणी, मसाट, मसाट-1, गलोंडा, रखोली और कराड के सहयोग से ग्राम पंचायत सामरवरणी के सामुदायिक भवन में एक दिवसीय करदाता जनसंपर्क कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम सीबीआईसी के 100 दिवसीय राष्ट्रव्यापी करदाता संपर्क अभियान ‘सहज कर संवाद-सरल अनुपालन, सशक्त करदाता’ के अंतर्गत आयोजित किया गया। इस राष्ट्रव्यापी पहल के तहत सीजीएसटी दमण आयुक्तालय द्वारा इससे पूर्व 26 अक्टूबर 2026 को दमण में भी एक करदाता संपर्क शिविर आयोजित किया गया था। आगामी महीनों में भी ऐसे संपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाने की परिकल्पना है। कार्यक्रम में आम नागरिकों, मौजूदा करदाताओं तथा संभावित करदाताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। जीएसटी पंजीकरण, रिटर्न दाखिल करने, अनुपालन संबंधी विषयों तथा जीएसटी के नवीनतम अपडेट के संबंध में सहायता प्रदान करने हेतु कई सहायता डेस्क स्थापित किए गए। इन सहायता डेस्कों के माध्यम से मौके पर ही कई जीएसटी पंजीकरण आवेदन जमा कराने तथा अनेक जीएसटी रिटर्न दाखिल करने में सहायता प्रदान की गई, जिससे करदाताओं को व्यावहारिक सहयोग मिला। 8 अक्टूबर 2026 को आयोजित 57वीं जीएसटी परिषद की बैठक के प्रमुख निर्णयों एवं सिफारिशों तथा उसके बाद किए गए जीएसटी संशोधनों, अधिसूचनाओं और अन्य प्रासंगिक अपडेट के बारे में जागरूकता बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया गया। सीजीएसटी दमण के आयुक्त ने करदाताओं से जीएसटी प्रावधानों का नियमित रूप से अनुपालन करने, लेखा-पुस्तकों एवं कर अभिलेखों का उचित रख-रखाव करने, कर चालान जारी करने तथा उन्हें सुरक्षित रखने, जीएसटी रिटर्न दाखिल करने और अपनी कर देयताओं का भुगतान करने की अपील की। आयुक्त ने करदाताओं की निरंतर सहायता हेतु जीएसटी भवन वापी में स्थापित जीएसटी कौशल केंद्र तथा जीएसटी सुविधा मित्र की सुविधाओं के बारे में भी प्रतिभागियों को अवगत कराया। जीएसटी कौशल केंद्र का उद्देश्य जीएसटी बिलिंग, पंजीकरण, रिटर्न दाखिल करने, जीएसटी अभिलेखों के रख-रखाव, ई-वे बिल जनरेट करने तथा अन्य संबंधित विषयों में व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करना है। जीएसटी सुविधा मित्र, जीएसटी पंजीकरण, रिटर्न दाखिल करने तथा अन्य अनुपालन संबंधी आवश्यकताओं में करदाताओं को सहायता प्रदान करता है। इस दौरान छोटे से लेकर बडे उद्योगपतियों को जीएसटी के संशोधित प्रावधानों सहित के बारे में विस्तार से बताया गया। 57वीं जीएसटी काउंसिल की बैठक के प्रमुख निर्णयों और नये अपडेट के बारे में भी करदाताओं को जानकारी दी गई। साथ ही नोडल लीड बैंक एसबीआई द्वारा उद्योगों को दी जाने वाली सहायता के बारे में भी बताया गया। करदाता जनसंपर्क कार्यक्रम का उद्देश्य जीएसटी विशेषज्ञों द्वारा करदाताओं को सरल ढंग से जानकारी देना है। कार्यक्रम का समापन विभाग और करदाता समुदाय के बीच सक्रिय सहभागिता एवं सार्थक संवाद के साथ सफलतापूर्वक हुआ। इस पहल ने स्वैच्छिक अनुपालन को बढ़ावा देने, करदाता सुविधाओं को सुदृढ़ करने तथा नियमित जागरूकता एवं संपर्क कार्यक्रमों के माध्यम से आवश्यक सहायता प्रदान करने की विभाग की प्रतिबद्धता को पुन: पुष्ट किया। इस कार्यक्रम में सीजीएसटी एवं जीएसटी के अधिकारियों, उद्योग संघ फेडरेशन ऑफ इंडस्ट्रीज की ओर से एफआईए प्रेसिडेंट अतुल शाह और ऑर्गेनाइजिंग सेक्रेटरी परेश गज्जर सहित बडी संख्या में करदाता मौजूद रहे।

