असली आजादी न्यूज नेटवर्क, दमण 31 अक्टूबर। राष्ट्रीय एकता दिवस एवं लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जन्म जयंती के अवसर पर अमन विद्यानिकेतन स्कूल दलवाडा में भारत भारती दमण प्रदेश के तत्वावधान में बड़े ही हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भारत भारती दमण प्रदेश की मार्गदर्शक सिंपल काटेला उपस्थित रहीं। साथ ही एस. के. शुक्ला, राजेन्द्र कोकाटे, जुगल दास, आलोकभाई, तृप्तिबेन, रूपाबेन, पूनमबेन, अश्विनभाई, पांडे जी, गायत्रीबेन, सचिनभाई, बसूभाई, सीमा भार्गव सहित अनेक गणमान्य अतिथियों, समाजसेवियों एवं विद्यालय परिवार के सदस्यों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम का आयोजन सरिता मैडम एवं विद्यालय परिवार द्वारा किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन, उनके महान कार्यों तथा देश की एकता एवं अखंडता पर प्रभावशाली भाषण दिए। विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत कविताएं भी प्रस्तुत कीं, जिनकी उपस्थित सभी अतिथियों ने सराहना की। कार्यक्रम के दौरान भारत भारती दमण प्रदेश की मार्गदर्शक सिंपल काटेला ने विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, भारत भारती एवं गंगा समग्र के सदस्यों तथा उपस्थित सभी गणमान्य अतिथियों को राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की शपथ दिलाई। सभी ने एक साथ देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने तथा सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। इस विशेष अवसर पर भारत भारती एवं गंगा समग्र के सदस्यों द्वारा वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। उपस्थित गणमान्य अतिथियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण, हरियाली बढ़ाने एवं प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया। साथ ही सभी ने स्वच्छ, हरित एवं विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान देने का संकल्प लिया। इस अवसर पर भारत भारती दमण प्रदेश की मार्गदर्शक सिंपल काटेला ने अपने संबोधन में कहा कि लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपनी अद्भुत नेतृत्व क्षमता, दृढ़ इच्छाशक्ति एवं दूरदर्शिता का परिचय देते हुए 565 रियासतों के एकीकरण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई और अखंड भारत की मजबूत नींव रखी। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल जी का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। आज की युवा पीढ़ी को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र की एकता, अखंडता, सामाजिक सद्भाव एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आना चाहिए। जुगल दास ने अपने वक्तव्य में कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल भारतवर्ष के महान महापुरुषों में सदैव स्मरणीय रहेंगे। उन्होंने जिस प्रकार पूरे देश को एकता के सूत्र में पिरोया, वह अत्यंत प्रशंसनीय एवं प्रेरणादायक है। सीमा भार्गव ने कहा कि आज हम सभी सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर उन्हें श्रद्धापूर्वक याद करने के लिए एकत्रित हुए हैं। उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन करना हम सभी के लिए गर्व की बात है। कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों ने सरदार पटेल जी की 151वीं जन्म जयंती पर अपने विचार व्यक्त किए तथा भविष्य में भी इस प्रकार के भव्य कार्यक्रम आयोजित कर नई पीढ़ी को उनके महान योगदान से परिचित कराने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में सरिता मैडम ने सभी मुख्य अतिथियों, गणमान्य व्यक्तियों, समाजसेवियों, भारत भारती एवं गंगा समग्र के सदस्यों, शिक्षकों तथा विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों को धन्यवाद दिया। इस प्रकार राष्ट्रीय एकता की शपथ, वृक्षारोपण, विद्यार्थियों के प्रेरणादायक भाषण एवं देशभक्ति की भावना के साथ कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

