असली आजादी न्यूज नेटवर्क, दमण, 31 अक्टूबर। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में दमण पुलिस विभाग द्वारा यूनिटी परेड का आयोजन किया गया। इस परेड के माध्यम से देश की एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे को मजबूत बनाए रखने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर दमण पुलिस विभाग के जवानों के साथ फायर विभाग, कोस्टगार्ड एवं आईआरबीएन (इंडियन रिजर्व बटालियन) के जवानों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। इस मौके पर प्रदेश के डीआईजीपी, एसएसपी, एसपी, डीवायएसपी, एसडीपीओ की उपस्थिति रही। विभिन्न सुरक्षा एवं आपातकालीन सेवाओं के जवानों की संयुक्त भागीदारी ने राष्ट्रीय एकता और सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को प्रदर्शित किया। यूनिटी परेड के दौरान जवानों ने अनुशासन, समर्पण और देशसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया। यह यूनिटी परेड नानी दमण बस डिपो से शुरू होकर पीडब्ल्यूडी जेटी तक आयोजित हुई थी। यूनिटी परेड के आयोजन का मुख्य उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव और राष्ट्र के प्रति कर्तव्य भावना को प्रोत्साहित करना रहा। राष्ट्रीय एकता दिवस हमें सरदार वल्लभभाई पटेल के उस महान योगदान की याद दिलाता है, जिसके माध्यम से उन्होंने अनेक रियासतों को एकजुट कर अखंड भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। दमण पुलिस विभाग की इस पहल ने यह संदेश दिया कि देश की सुरक्षा, शांति और अखंडता बनाए रखने के लिए सभी विभागों एवं नागरिकों का एकजुट रहना आवश्यक है।

